

CM Yogi Adityanath Budget Reaction: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इस बजट को 'विकसित भारत' के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया। माघी पूर्णिमा और सद्गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला एक संकल्प-पत्र है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पेश किया गया यह बजट युवाओं को नए अवसर, किसानों को सशक्त सुरक्षा और उद्यमियों को विकास के लिए आवश्यक प्रोत्साहन प्रदान करेगा। उन्होंने विशेष रूप से मध्यम वर्ग को दी गई राहत और श्रमिकों के सम्मान का उल्लेख करते हुए इसे लोक-कल्याणकारी बताया। सीएम के अनुसार, यह बजट 'विकास भी, विरासत भी' के मंत्र को साकार करते हुए भारत की ज्ञान परंपरा और संस्कृति को भी सशक्त करेगा।
मुख्यमंत्री ने बजट की तकनीकी और आर्थिक बारीकियों पर चर्चा करते हुए कहा कि एमएसएमई (MSME), स्टार्टअप और स्वदेशी उत्पादन को मिलने वाला समर्थन 'आत्मनिर्भर भारत' के अभियान को और गति देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामाजिक न्याय और सुशासन के माध्यम से यह बजट वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने नवाचार, विनिर्माण और पर्यटन के क्षेत्र में होने वाले निवेश को रोजगार सृजन का मुख्य जरिया बताया।
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह ठोस नीतियों और परिणामोन्मुख दृष्टि के साथ पेश किया गया है। उन्होंने एआई (AI), खेल, तीर्थ और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में खुलने वाले नए अवसरों को देश की उभरती आर्थिक शक्ति का प्रतीक बताया।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बजट को 'सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी' करार दिया। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 के माध्यम से प्रधानमंत्री ने यह सिद्ध कर दिया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का अटल संकल्प है। उत्तर प्रदेश की सरकार ने इस दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।