देश की आम जनता को बड़ी राहत, सरकार ने इन 35 दवाओं का दाम घटाया; देखें लिस्ट

Medicine Price Cut: आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि खुदरा विक्रेताओं और डीलरों को इन अपडेटेड प्राइस लिस्ट को प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। नियमों को पालन न करने पर कार्रवाई किया जा सकता है।
GST Rate cut impact on Pharma Sector
प्रतीकात्मक तस्वीर
Updated on

Price Cut Of 35 Medicines: केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देने के इरादे से एक अहम फैसला लिया है। अब मरीजों के लिए दवाओं को अधिक किफायती बनाने की दिशा में नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने प्रमुख दवा कंपनियों द्वारा बेची जाने वाली 35 आवश्यक दवाओं की खुदरा कीमतों में कटौती की है। अब कम कीमत वाले इन फॉर्मूले में हृदय-संबंधी, एंटीबायोटिक, मधुमेह-रोधी और मानसिक रोगों से संबंधित दवाओं सहित कई प्रकार की दवाएं शामिल हैं।

मिनिस्ट्री ऑफ केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स ने एनपीपीए द्वारा प्राइस रेगुलेशन के आधार पर इस आदेश को अधिसूचित किया है। सभी दवाओं पर लागू होने वाली कीमतों में कटौती से उपभोक्ताओं, विशेष रूप से पुरानी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अब इस प्रकार होंगी कीमतें

प्राइस कंट्रोल ऑर्डर के अंतर्गत आने वाले प्रमुख फॉर्मूले में एसिक्लोफेनाक, पैरासिटामोल और ट्रिप्सिन काइमोट्रिप्सिन, एमोक्सिसिलिन और पोटेशियम क्लैवुलनेट के फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन, एटोरवास्टेटिन कॉम्बिनेशन और एम्पैग्लिफ्लोजिन, सिटाग्लिप्टिन और मेटफॉर्मिन जैसे नए ओरल एंटीडायबिटिक कॉम्बिनेशन शामिल हैं। अकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स द्वारा निर्मित और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज द्वारा मार्केटिंग की जाने वाली एक एसीक्लोफेनाक-पैरासिटामोल-ट्रिप्सिन काइमोट्रिप्सिन टैबलेट की कीमत अब 13 रुपए तय की गई है, जबकि कैडिला फार्मास्युटिकल्स द्वारा बेची जाने वाली वाली इसी दवा की कीमत अब 15.01 रुपए है। इसी प्रकार, हृदय संबंधी बीमारियों के लिए व्यापक रूप से इस्तेमाल की जाने वाली एटोरवास्टेटिन 40 मिलीग्राम और क्लोपिडोग्रेल 75 मिलीग्राम युक्त एक टैबलेट की कीमत 25.61 रुपए तय कर दी गई है। बच्चों के इलाज के इस्तेमाल के लिए ओरल सस्पेंशन सेफिक्साइम और पैरासिटामोल कॉम्बिनेशन को भी शामिल किया गया है, साथ ही विटामिन डी पूरकता के लिए कोलेकैल्सिफेरॉल ड्रॉप्स और डिक्लोफेनाक इंजेक्शन जैसी महत्वपूर्ण दवाओं को भी शामिल किया गया है, जिनकी कीमत 31.77 रुपए पर एमएल है।

दवा विक्रेताओं को नए कीमत को दर्शाना होगा

आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि खुदरा विक्रेताओं और डीलरों को अपने परिसर में इन अपडेटेड प्राइस लिस्ट को प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। नोटिफाइड कीमतों का पालन न करने पर डीपीसीओ, 2013 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दंडात्मक प्रावधान लागू हो सकते हैं, जिसमें ब्याज सहित अधिक वसूली गई राशि को वसूलना शामिल होगा।

NPPA द्वारा निर्धारित मूल्यों में जीएसटी शामिल नहीं

एनपीपीए ने साफ किया है कि निर्धारित मूल्यों में जीएसटी शामिल नहीं है, जिसे लागू होने पर जोड़ा जा सकता है। दवा निर्माताओं को सभी कानूनी आवश्यकताओं का पालन करना होगा, इंटीग्रेटेड फार्मास्युटिकल डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से फॉर्म V में अपडेटेड प्राइस लिस्ट जारी करनी होगी और एनपीपीए तथा राज्य ड्रग कंट्रोलर्स को जानकारी देनी होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com