एअर इंडिया, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Air India Fuel Surcharge Hike: पिछले छह हफ्तों से ईरान-इजराइल के बीच जारी युद्ध का असर अब हवाई यात्रियों पर पड़ने लगा है। वैश्विक स्तर पर जेट ईंधन (ATF) की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी के बाद एयर इंडिया (Air India) ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला लिया है। नए सरचार्ज 8 अप्रैल 2026 से घरेलू उड़ानों पर लागू हो जाएंगे। इससे यात्रियों की जेब पर 899 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। जबकि, अंतरराष्ट्रीय रूटों पर यह बदलाव 10 अप्रैल से लागू होने जा रहा है। इसमेंके तहत $280 तक सरचार्ज वसूला जाएगा।
एयरलाइन कंपनी के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में जेट ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के आंकड़ों के अनुसार, मार्च के आखिरी हफ्ते में जेट फ्यूल का औसत मूल्य 195 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जो फरवरी के अंत में करीब 99 डॉलर था। इस तेज बढ़ोतरी ने एयरलाइंस की लागत को काफी बढ़ा दिया है, जिससे किराए पर दबाव बना है।
द इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक घरेलू उड़ानों में एक समान सरचार्ज लिया जाता था, लेकिन अब इसे दूरी के आधार पर तय किया गया है। यानी जितनी लंबी यात्रा, उतना ज्यादा शुल्क देना होगा। यह नया नियम एयर इंडिया ग्रुप की सभी उड़ानों पर लागू होगा, जिसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस भी शामिल है। सरकार ने ATF की कीमतों में बढ़ोतरी को 25 प्रतिशत तक सीमित रखने की कोशिश की है, लेकिन इसके बावजूद एयरलाइंस को लागत संतुलन के लिए यह कदम उठाना पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल की कीमतों पर कोई नियंत्रण नहीं होता, इसलिए वहां सरचार्ज ज्यादा बढ़ाया गया है। अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से शुल्क तय किया गया है, जिसमें SAARC देशों के लिए न्यूनतम और उत्तरी अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक शुल्क लगाया गया है। इससे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय यात्रा और महंगी हो सकती है।
एयर इंडिया का कहना है कि नए सरचार्ज के बावजूद ईंधन की बढ़ी हुई लागत पूरी तरह वसूल नहीं हो पा रही है। कंपनी अभी भी खर्च का एक हिस्सा खुद वहन कर रही है। फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी केवल कच्चे तेल के कारण नहीं, बल्कि रिफाइनिंग मार्जिन बढ़ने से भी हुई है।
यह भी पढ़ें: Air India सीईओ कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से दिया इस्तीफा, कौन बनेगा नया बॉस? रेस में कई दिग्गज
बता दें कि जो यात्री 8 या 10 अप्रैल 2026 से पहले टिकट खरीद चुके हैं, उनपर यह नया सरचार्ज लागू नहीं होगा। हालांकि, अगर टिकट में बदलाव किया जाता है और किराया दोबारा तय होता है, तो यह शुल्क लागू हो सकता है। एयरलाइन ने संकेत दिए हैं कि बाजार की स्थिति के अनुसार भविष्य में इस सरचार्ज की समीक्षा भी की जा सकती है।