नीतीश कुमार, (मुख्यमंत्री, बिहार)
Bihar Chief Minister Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बन गई है। 2025 के विधानसभा चुनाव में एक तरफ जहां बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई तो वहीं नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को भी 85 सीटें मिलीं। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ पटना के गांधी मैदान में ली।
मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार को लगातार बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं। अब वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसके लिए बधाई दी है।
नीतीश कुमार के लिए कहा गया है कि यह देश के लिए गौरव की बात है कि वर्ष 1947 से लेकर 2025 तक, आप (नीतीश) देश के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय उपलब्धि है। यह असाधारण उपलब्धि आपके अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता का आप पर विश्वास और प्रशंसा को दर्शाती है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने कहा कि लगातार दस बार राज्य का नेतृत्व करना लोकतांत्रिक इतिहास में एक दुर्लभ उपलब्धि है। यह न केवल एक उल्लेखनीय व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का क्षण भी है। शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति आपका यह निरंतर प्रयास लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने संसूचित किया है कि इस अनुकरणीय और ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में औपचारिक रूप से नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री बिहार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल कर आपको आधिकारिक प्रमाण-पत्र समर्पित करने पर खुद को गौरवान्वित महसूस करेगा।
ये भी पढ़ें: मैदान छोड़ यूरोप में आनंद फरमा रहे तेजस्वी? विधानसभा सत्र के बीच विदेश यात्रा; RJD नेता ने खोली पोल
बता दें कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन एक अग्रणी वैश्विक संस्था है। यह असाधारण विश्व रिकॉर्डों और उल्लेखनीय समावेशनों को मान्यता देने और पंजीकृत करने के लिए समर्पित है। यह संस्था दुनिया भर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों की उल्लेखनीय उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और योगदानों का सम्मान करता है।