

Nitish Kumar Cabinet: मकर संक्रांति पर बिहार की राजनीति में दही-चूड़ा की मिठास के साथ नीतीश कुमार के कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं की गर्मी महसूस की जा रही। आज पूर्व सांसद और बाहुबली आनंद मोहन के बेटे और जदयू विधायक चेतन आनंद ने पटना में दही-चूड़ा का भोज का आयोजन किया। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। नीतीश 5 मिनट रुके और आशीर्वाद देकर चले गए। वैसे, नीतीश की इस छोटी-सी मौजूदगी के बाद चर्चा तेज गई कि चेतन आनंद जल्द मंत्री बन सकते हैं।
मकर संक्रांति पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में दही-चूड़ा के भोजों में शामिल हुए। चेतन आनंद के घर पर उनका दौरा खासकर ध्यान खींचा। चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री के दौरे के लिए आभार जताया और कहा कि सीएम ने व्यस्तम शेड्यूल से समय निकालकर उनसे मिले और आशीर्वाद दिया।
कैबिनेट विस्तार और मंत्री बनने की संभावनाओं पर चेतन आनंद ने कहा कि ऐसी कोई इच्छा नहीं रखता हूं। मगर, हालात और समय के हिसाब से जो होगा, मैं उसके लिए तैयार हूं। बता दें, चेतन आनंद के मंत्री बनने की अटकलों को हवा मिल रही है। 2024 में फ्लोर टेस्ट के दौरान चेतन आनंद ने राजद छोड़कर नीतीश सरकार को समर्थन दे दिया था।
कांग्रेस विधायकों की गैरमौजूदगी पर चेतन आनंद ने उनके संभावित दल-बदल पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को ठीक से बुलाया जाए तो वे जदयू में शामिल हो सकते हैं। दरअसल, ऐसी अटकलें हैं कि छह कांग्रेस विधायक जदयू के संपर्क में हैं। ये सभी बहुत जल्द बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर सकते हैं।
तेज प्रताप यादव ने भी आवास पर दही-चूड़ा भोज किया था। उसमें कई एनडीए मंत्री शामिल हुए थे। इस पर चेतन ने कहा कि तेज प्रताप हमारे यहां आए थे। उन्होंने बहुत प्यार से बुलाया था, ऐसे में हम गए। उम्मीद है कि वह हमारे भोज में आएंगे।
पूर्व सांसद और बाहुबली आनंद मोहन ने कहा, नीतीश जी ने बिहार को बदला है। अपराध और पलायन खत्म हो गया। हम अगले पांच साल में रोजगार देंगे। हम उनके साथ हैं। इस कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री संजय कुमार, दिलीप जायसवाल और रामकृपाल यादव समेत कई नेता थे। मंत्री दिलीप ने आनंद मोहन को बड़ा भाई बताया और कहा कि वे सब मिलकर बिहार को आगे ले जाने का काम कर रहे। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बिखरे हुए चीनी के दानों की तरह है। एनडीए गन्ने के रस की तरह है, जो कभी बिखरता नहीं।