

Gyan Bindu Director Roshan Anand Arrested: पटना वाले खान सर की कोचिंग में हुए हमले के मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और कोचिंग सेंटर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। अब इस मामले में एक नई खबर सामने आ रही है। चर्चित कोचिंग टीचर गुरू रहमान ने मीडिया से बातचीत बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने बताया कि विवाद की जड़ सिपाही भर्ती परीक्षा रिजल्ट से जुड़ा है। गुरु रहमान ने खान सर पर कई आरोप लगाए हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद सभी कोचिंग संस्थान अपने-अपने छात्रों को सम्मानित कर रहे हैं। उनके अनुसार, पूरा मामला आंकड़ों के खेल का है।
मीडिया से बातचीत में गुरु रहमान ने कहा खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले पर कहा कि इस बार, जब बिहार पुलिस कांस्टेबल के नतीजे आए, तो दोनों ही पक्षों में जमकर खरीद-फरोख्त हुई। नतीजतन, कुछ छात्र एक जगह से दूसरी जगह चले गए और कुछ छात्र कहीं और चले गए। इसी वजह से विवाद पैदा हुआ।
खान सर को निशाने पर लेते हुए गुरू रहमान ने कहा कि खान सर की आदत है कि जब उनकी सच्चाई सामने आने लगती है, तो वे लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि सिपाही भर्ती में कुल 19,838 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, तो फिर उनके कार्यक्रम में 22 हजार लोग कैसे पहुंच गए? जब यह दावा सवालों के घेरे में आया, तो अफवाहें फैलाई गईं। गोली चलने की बात पूरी तरह गलत है। झड़प जरूर हुई थी, लेकिन वह दावे के साथ कह सकते हैं कि गोली नहीं चली।
खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के संबंध में डीएसपी राजेश रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 10 बजे, मुसल्लहपुर हाट के बाद, कुछ लोग खान ग्लोबल कोचिंग आए और कोचिंग इंस्टीट्यूट पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। गेट पर लगा होर्डिंग भी तोड़ दिया गया। इसके साथ ही, उनके एक गार्ड, चुनचुन को पकड़कर पीटा गया और उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई है और वह घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए PMCH भेजा गया है।
मामले में खान कोचिंग के मैनेजमेंट से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत के आधार पर चार नामजद लोगों और 15–20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस मामले में कदम कुआं थाने में FIR दर्ज करने और आगे की कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद, जिन पर पूरी घटना की साजिश रचने का आरोप है, के साथ-साथ तोड़फोड़ में शामिल पाए गए दो अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।