Bihar Pakhi Hegde Flood Help: बिहार में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री पाखी हेगड़े खुद गांव-गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों की मदद करती नजर आईं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की, परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि कई गांवों में लोग खाने-पीने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें सबसे ज्यादा साथ व भरोसे की जरूरत है। पाखी ने लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की और राहत-बचाव कार्यों के लिए बिहार सरकार की सराहना की।
भोजपुरी अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे गांव में लोगों को राहत का सामान देने गई हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेत्री टैक्टर में बैठकर गांव-गांव जाकर सामग्री पहुंचा रही हैं और गांव के लोगों से उनके हालचाल का जायजा भी ले रही हैं।
अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने इस पोस्ट के जरिए सभी बिहार के हालातों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों को इस समय खाने-पीने की परेशानी है और उन्हें हमारे भरोसे की जरूरत है।
अभिनेत्री ने लिखा, "आज मैं बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंची हूं और यहां आकर जो देखा, उसे शब्दों में बयान करना बहुत मुश्किल है।
पिपरपाती ग्राम पंचायत और आसपास के इलाकों में बहुत से परिवार इस समय बेहद मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। घरों में पानी है, खाने-पीने की परेशानी है और सबसे बड़ी बात है कि लोगों को इस समय हमारे साथ और हमारे भरोसे की जरूरत है।"
अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने गांव में जाकर परिवारों से मुलाकात की और परेशानियां सुनी। उन्होंने लिखा, "मैंने यहां परिवारों से मुलाकात की, उनकी परेशानियां सुनीं, उनके साथ बैठकर खाना खाया और अपनी तरफ से राहत सामग्री और जरूरी सामान पहुंचाने की छोटी-सी कोशिश की।
अभिनेत्री का मानना है कि बिहार उनके परिवार के समान है। उन्होंने लिखा, "मैं हमेशा मानती हूं कि बिहार सिर्फ एक प्रदेश नहीं है बिहार मेरा अपना परिवार है और जब परिवार मुश्किल में हो, तो मैं कैसे दूर रह सकती हूं"
पाखी हेगड़े ने बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के काम की सराहना की। उन्होंने लिखा, मैं बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी की तरफ से बाढ़ प्रभावित इलाकों में किए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की भी सराहना करती हूं,
लेकिन ऐसी आपदा बहुत बड़ी होती है और इसमें सरकार के साथ-साथ हम सबको भी आगे आकर मदद करनी होगी। मैं सभी से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपील करती हूं।