चुनावी संग्राम के बीच नीतीश ने चिराग के घर खाया ‘खरना’ प्रसाद, JDU–LJP नजदीकियों ने बढ़ाई हलचल

बिहार चुनाव 2025 की गहमागहमी के बीच सीएम नीतीश कुमार रविवार, 26 अक्टूबर को चिराग पासवान के आवास पहुंचे। उन्होंने खरना प्रसाद ग्रहण किया, जिससे NDA की एकजुटता का संदेश गया।
chirag paswan
नीतीश कुमार पहुंचे चिराग पासवान के घर, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

बिहार में छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। छठ के दूसरे दिन, रविवार, 26 अक्टूबर 2025 को, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आवास पर पहुंचकर खरना का महा प्रसाद ग्रहण किया। यह मुलाकात NDA की एकता और चिराग-नीतीश के बीच नरम होते रिश्तों का बड़ा राजनीतिक संदेश दे रही है।

बिहार में चुनावी घमासान के बीच छठ महापर्व की धूम है। लोग दूर-दूर से एक दूसरे के घरों पर खरना का महा प्रसाद पाने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में, रविवार शाम, 26 अक्टूबर 2025 को, मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार, एनडीए में शामिल केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के घर पहुंचे।

चिराग-नीतीश के रिश्तों में अचानक आया ‘मीठापन'

सीएम नीतीश ने चिराग के आवास पर खरना का महा प्रसाद ग्रहण किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। चिराग पासवान के आवास पर उनकी बुआ छठ पूजा कर रही हैं। प्रसाद ग्रहण करने और बधाई देने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वहां से रवाना हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चिराग पासवान के आवास पर पहुंचना बिहार की राजनीति में एक नया संदेश लेकर आया है। राजनीतिक पंडित इसे एनडीए की एकता और एकजुटता के साथ ही दोनों नेताओं के बीच नरम होते रिश्तों का संकेत भी मान रहे हैं। यह कार्य चुनावी माहौल के बीच एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी है।

हमलों से लेकर हमदर्दी तक! बदल गई हवा

यह मुलाकात इसलिए अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि चिराग पासवान पहले लगातार नीतीश कुमार पर निशाना साधते रहे हैं। चिराग ने बिहार की लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था पर सवाल उठाया था जब राज्य में एक के बाद एक हत्याएं हो रही थीं। उन्होंने तब कहा था कि बिहार में पुलिस प्रशासन अपराधियों के आगे नतमस्तक है, और उन्हें दुख है कि वह ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने एक महिला होमगार्ड के साथ दुष्कर्म मामले में भी नीतीश सरकार को घेरा था। चिराग के ऐसे जुबानी हमलों से बीजेपी भी असहज होती थी और एनडीए की एकजुटता को झटका लगता था। यह भी ज्ञातव्य है कि राम विलास पासवान के समय से ही एलजेपी और जेडीयू के रिश्ते सहज नहीं रहे हैं।

एनडीए के लिए अच्छा संकेत

हालांकि, अब दोनों नेताओं के बीच नजदीकी बढ़ती हुई दिख रही है। हाल ही में समस्तीपुर में नीतीश कुमार और चिराग पासवान के बीच गर्मजोशी भरा रिश्ता देखने को मिला था, जहाँ मंच पर चिराग ने नीतीश के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया था। इसका वीडियो भी सामने आया था।

चिराग पासवान ने हाल ही में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा था कि वे अपने वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव की तरफ बढ़ रहे हैं। यह माना जा रहा है कि नीतीश के घर पहुंचने से चिराग की 'टोन' अब उनके प्रति अधिक सॉफ्ट होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com