सांसद पप्पू यादव को लॉरेंस गैंग की धमकी, रेकी करके काम तमाम करने का ऐलान

लॉरेंस बिश्नोई जेल में जैमर बंद करवा कर पप्पू यादव से बात करने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन पप्पू यादव उसका फोन नहीं उठा रहे हैं। अब इस पूरे मामले में खुद पप्पू यादव ने लगातार मिल रही धमकी का खुलासा किया है।
सांसद पप्पू यादव को लॉरेंस गैंग की धमकी, रेकी करके काम तमाम करने का ऐलान
लॉरेंस बिश्नोई और सांसद पप्पू यादव (डिजाइन फोटो-सौ. से सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

पटना : मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम हर लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। हर दिन इससे जुड़ा कोई न कोई खुलासा होता जा रहा है। ताजा मामला बिहार के पूर्णिया जिले से सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी को लेकर आया है, जिसमें ऐसा माना जा रहा है कि यह धमकी लॉरेंस गैंग की ओर से दी गई है।

जानकारी में बताया जा रहा है कि सांसद पप्पू यादव को धमकी लॉरेंस गैंग की ओर से किए जाने का दावा करते हुए कॉल करने वाले ने कहा कि वह लगातार पप्पू यादव के कई ठिकानों की रेकी कर रहा है और उसे जान से मार डालेगा। इतना ही नहीं उसने पप्पू यादव को सलमान खान के मामले से अलग रहने की हिदायत देते हुए कहा कि वह इस मामले से दूर ही रहें तो बेहतर होगा।

यह भी कहा जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल में जैमर बंद करवा कर पप्पू यादव से बात करने की लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन पप्पू यादव उसका फोन नहीं उठा रहे हैं। अब इस पूरे मामले में खुद पप्पू यादव ने बिहार के डीजीपी को जानकारी देते हुए लगातार मिल रही धमकी का खुलासा किया है। इसके बाद माना जा रहा है कि बिहार सरकार जल्द ही पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कोई कोई कदम उठाएगी।

पप्पू यादव द्वारा पुलिस को सौंपे गए ऑडियो में फोन करने वाले ने कहा कि सांसद के सभी ठिकानों की जानकारी उसके भाई के पास है। पुलिस को दिए गए ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि धमकी देने वाला कहता है," ले सुन ले भाई की तरफ से तुझे कच्चे चबा जइयो, एक घंटे, तीन घंटा है।"

सांसद पप्पू यादव ने इस धमकी के ऑडियो सोमवार को पत्रकारों को भी उपलब्ध कराते हुए पप्पू ने कहा कि धमकी देने वाले ने इस दौरान कई अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया है। इसके पहले मयंक सिंह नाम के फेसबुक अकाउंट से 26 अक्टूबर को पोस्ट कर सांसद पप्पू यादव को धमकी दी गई थी।

पोस्ट में उसने लिखा," मैं पप्पू यादव को स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि तुम औकात में रहकर चुपचाप राजनीति करो, ज्यादा इधर उधर तीन-पांच कर टीआरपी कमाने के चक्कर में मत पड़ो। वरना रेस्ट इन पीस कर देंगे।"

आपको बता दें कि मुंबई में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि अगर कानून उनको अनुमति देता है तो वह 24 घंटे में लॉरेंस बिश्नोई जैसे दो टके के अपराधी के पूरे नेटवर्क को खत्म कर देंगे। इसके बाद से ही पप्पू यादव भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गए थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com