'बिहार की जनता चाहती है तेजस्वी ही...', लालू यादव की लाड़ली ने किया दावा, 'भाई ही बनेंगे CM'

Bihar politics: लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने छोटे भाई तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा दावा किया है। रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव को आने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का दावेदार बताया दिया है।
'बिहार की जनता चाहती है तेजस्वी ही...', लालू की लाड़ली ने किया दावा, 'भाई ही बनेंगे CM'
तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Statement Of Rohini Acharya : एक ओर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाकर छोटे भाई का राजनीतिक खेल बिगाड़ ने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं दूसरी और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य का अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के लिए प्यारऔर राजनीतिक समर्थन देखने को मिला है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर रोहिणी आचार्य ने छोटे भाई तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बताया है।

मंगलवार को रोहिणी आचार्य ने कहा कि, 'बिहार के लोग चाहते हैं कि उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनें। यह टिप्पणी उन्होंने उस सवाल के जवाब में की। जिसमें उनसे कांग्रेस की ओर से तेजस्वी को आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित न किए जाने को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई थी।

'औपचारिक घोषणा भी हो जाएगी'

रोहिणी आचार्य ने कहा, ‘यह बिहार के लोगों की इच्छा है कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बनें। समय आने पर इसकी औपचारिक घोषणा भी हो जाएगी। मुझे कांग्रेस की ओर से किसी तरह की हिचक नहीं दिखती।' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल को टाल दिया था। उस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ उनकी 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।

नीतीश के बेटे को लेकर दिया बयान

बता दें कि, पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव में सारण सीट से असफल चुनावी शुरुआत करने वाली 46 वर्षीय रोहिणी आचार्य से तेजप्रताप यादव को लेकर भी सवाल पूछा गया। जिन्होंने राजद से निष्कासन के बाद अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बना ली है। इस पर उन्होंने कहा, ‘इस बारे में मैं क्या कह सकती हूं? लोकतंत्र में सभी को अपनी पार्टी बनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार है।' रोहिणी आचार्य से यह भी पूछा गया कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते पुत्र निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं, खासकर तब जब जनता दल (यूनाइटेड) में नेतृत्व का दूसरा स्तर लगभग अनुपस्थित है। इस पर उन्होंने कहा, ‘मैं निशांत को बहुत पहले से जानती हूं। हम बचपन में साथ खेले हैं। अगर किसी में जनसेवा की भावना है, तो उसका राजनीति में स्वागत होना चाहिए।'

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com