लालू यादव के पोते का जन्मदिन: गाजियाबाद में विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन, तेज प्रताप-रोहिणी भी आएंगे?

Tejashwi Yadav Son Birthday: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते और तेजस्वी यादव के बेटे इराज का पहला जन्मदिन आज गाजियाबाद में धूमधाम से मनाया जाना है। इसकी चर्चा जोरों पर है। जानिए क्यों।
lalu yadav grand son birthday
लालू यादव के पोते के जन्मदिन का कार्ड, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Lalu Prasad Yadav Grandson Birthday: तेजस्वी यादव के बेटे इराज के जन्मदिन को 'विपक्षी एकता' के बड़े मंच के रूप में देखा जा रहा है, जहां राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इन नेताओं के इतर जो सबसे खास बात है वो ये कि इस मौके पर रोहिणी यादव और तेज प्रताप यादव को भी बुलाया गया है।

बिहार की राजनीति के दिग्गज लालू प्रसाद यादव के परिवार में आज जश्न का माहौल है। उनके पोते इराज लालू यादव का पहला जन्मदिन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को न केवल एक पारिवारिक उत्सव, बल्कि आगामी राजनीतिक समीकरणों को साधने और विपक्ष की एकजुटता दिखाने के एक अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है।

राहुल, अखिलेश और केजरीवाल को न्योता

इराज के इस खास दिन के लिए लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने विपक्षी गठबंधन के कई बड़े चेहरों को आमंत्रित किया है। निमंत्रित मेहमानों की सूची में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। चर्चा यह भी है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार चुनाव में हार के बाद यह लालू यादव का सबसे बड़ा सार्वजनिक आयोजन है, जिसके जरिए वे यह संदेश देना चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजनीति में उनका प्रभाव आज भी बरकरार है।

'रागिनी विला' में जंगल सफारी थीम पर भव्य आयोजन

जन्मदिन का यह भव्य समारोह लालू यादव की बेटी रागिनी यादव के ससुराल, गाजियाबाद स्थित 'रागिनी विला' में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से 'जंगल सफारी' थीम चुनी गई है, जो निमंत्रण कार्ड से लेकर आयोजन स्थल की सजावट तक में झलक रही है।

मेहमानों के स्वागत के लिए बिहार से लेकर उत्तर भारतीय व्यंजनों की विस्तृत श्रृंखला तैयार की गई है, जिसमें खास मेहमानों के बैठने और बच्चों के खेलने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।

क्या आएंगे तेज प्रताप यादव और रोहिणी?

उत्सव के बीच सबकी नजरें लालू परिवार के आंतरिक रिश्तों पर भी टिकी हैं। विशेष रूप से लालू के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के आने पर सस्पेंस बना हुआ है, क्योंकि वे पार्टी से निकाले जाने के बाद परिवार से अलग रह रहे हैं। इसके साथ ही, लालू यादव को किडनी दान करने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य के आने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, जिन्होंने हाल ही में हुए कुछ घटनाक्रमों के बाद परिवार से दूरी बना ली थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com