'...सरकार होती तो कट्टे पर डिस्को करते', वायरल वीडियो पर मांझी का ताना; तेजस्वी पर निशाना

Tejashwi yadav Dance Video: सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का डांस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो देख जीतनराम मांझी ने राजद नेता पर तंज कसा है।
'...सरकार होती तो कट्टे पर डिस्को करते', वायरल वीडियो पर मांझी का ताना; तेजस्वी पर निशाना
जीतनराम मांझी, तेजस्वी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पटना के मरीन ड्राइव पर रात को मस्ती करने का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में तेजस्वी यादव कुछ युवाओं के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। तेजस्वी यादव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने वायरल वीडियो पर जबरदस्त कटाक्ष किया है।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख मांझी ने कहा कि अगर जंगलराज वाली सरकार होती तो मुख्यमंत्री आवास पर सभी लोग कट्टे पर डिस्को करते नजर आते।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राजद नेता तेजस्वी यादव के मस्ती वाले इस वीडियो को सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बिहार की चमचमाती हुई खुली सड़क पर आधी रात को डांस करते युवाओं की यह टोली बता रही है कि बिहार में सुशासन की सरकार है। जंगलराज वाले लालू परिवार की यदि सरकार होती तो तेजस्वी यादव सहित ये सारे युवा लालू यादव के गुंडों के द्वारा उठा लिए जाते और मुख्यमंत्री निवास पर 'कट्टे पर डिस्को' कर रहे होते।"

भांजे को लेकर मरीन ड्राइव गए थे तेजस्वी

मांझी ने आगे लिखा कि इसलिए तो मैं बार-बार कहता हूं बिहार में एनडीए जरूरी है। दरअसल, राजद नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "गर्मी, बारिश और उमस के बीच कल 16 दिनों तक चली वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हुई। रात्रि में सिंगापुर से आए भांजे ने कहा कि ड्राइव पर चलें। रास्ते में सड़क पर कुछ युवा साथी कलाकार मिले। वे गाना गा रहे थे, रील्स बना रहे थे। आग्रह करने लगे तो हमने भी हाथ-पैर आजमाए।" उन्होंने आगे लिखा, "हम सब सहजता, सरलता और सुगमता के साथ युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं, सपनों और उम्मीदों संग कदमताल कर जाति-धर्म से ऊपर उठ नए बिहार के निर्माण का संकल्प लेकर सत्ता परिवर्तन करेंगे।"

रोहिणी आचार्य ने शेयर किया वीडियो

इस मरीन ड्राइव के मस्ती भरे कई वीडियो को रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "बिहार के युवा बदलाव चाहते हैं, युवा तेजस्वी की अगुवाई में बढ़ता बिहार चाहते हैं। युवाओं के साथ अनौपचारिक संवाद से उन्हें और बेहतर तरीके से समझने का अवसर प्राप्त होता है और एक नई ऊर्जा का संचार होता है। युवा नेतृत्व, नई सोच के साथ ही आगे बढ़ेगा बिहार।" इस वीडियो में खुद रोहिणी आचार्य और तेजस्वी यादव की पत्नी भी नजर आ रही हैं। एक वीडियो में तेजस्वी डांस के स्टेप भी सीखते दिख रहे हैं।-एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com