

Jitan Ram Manjhi Viral Video: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री यह कहते सुनाई दे रहे कि 2020 में 2600 वोट से हार रहे उम्मीदवार को डीएम से कहकर जीतवाए थे। इस बार 1600 वोट से हारे, लेकिन हमें बताया नहीं गया। मांझी ने तत्कालीन डीएम का भी जिक्र किया, जो अभी त्रिपुरा में पदस्थ हैं। सार्वजनिक मंच से मगही भाषा में दिए इस बयान के बाद चुनावी व्यवस्था पर बहस तेज हो गई है। विपक्ष पहले से सरकार पर धांधली का आरोप लगा रहा है। वहीं, मांझी ने वायरल हो रहे वीडियो में छेड़छाड़ की बात कही है।
वायरल वीडियो के अनुसार गया जिले के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर प्रखंड में कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सभा में उक्त बातें कही हैं। अम बात है कि 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष लगातार वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगा रहा है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री का ताजा बयान राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे रहा है। राजद ने मांझी के इस वीडियो को शेयर कर कैप्शन में लिखा-ये भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तथा हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी हैं। जो खुले मंच से चुनाव नतीजों में हेराफेरी, मशीनरी और धांधली से चुनाव जितने का शाही फॉर्मूला बता रहे हैं।
राजद ने यह भी लिखा कि जीतन राम मांझी इस बार 2025 चुनाव में टिकारी विधानसभा क्षेत्र का चुनाव हारने तथा पिछला कारनामा ना दोहरा पाने पर अफसोस जता रहे हैं। कहां है चुनाव आयोग? क्या यह है लोकतंत्र? राजद ने लिखा, तुम्हारा भांडा अवश्य फूटेगा।
वायरल वीडियो पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का रिएक्शन भी आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-मेरे एक वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर वायरल करने वाले कुछ लोगों को लगता है कि मुसहर के लाल को बदनाम कर देंगे। उनको मैं बता देना चाहता हूं कि अब मुसहर के बेटे को कोई ना तो अपमानित कर सकता है, ना बेवकूफ बना सकता है। आसमान पर थूकने वालों, तुम यह भूल रहे हो कि आसमान पर फेंका हुआ थूक तुम्हारे मुंह पर ही गिरेगा। अब मांझी ब्रांड हो चुका है, किसी से डरने वाला नहीं।
वायरल वीडियो पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) (HAM(S) के गया जिलाध्यक्ष नारायण मांझी ने कहा कि इस तरह का वीडियो वायरल हो रहा है, यह हमें बताया गया है, लेकिन हमने सुना नहीं है। सुनने के बाद कुछ बोल पाएंगे। बता दें, मांझी की पार्टी है।