गोपालगंज में सड़क हादसे के बाद बवाल, गुस्साई भीड़ ने पुलिस बोलेरो फूंका, छोड़े आंसू गैस के गोले

Bihar Road Accident: गोपालगंज में देर शाम सड़क हादसे के बाद मौत की अफवाह फैल गई। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
bihar gopalganj
भीड़ ने पुलिस गाड़ी में लगाई आग, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Latest News: बिहार के गोपालगंज के जादोपुर मोड़ पर रविवार देर शाम एक पुलिस वाहन की टक्कर से तीन बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की मौत की अफवाह फैलने पर भीड़ उग्र हो गई और उसने सर्किल इंस्पेक्टर की बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर और लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित की।

बिहार के गोपालगंज शहर के जादोपुर मोड़ पर रविवार देर शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। तनावपूर्ण हालात तब बने जब सर्किल इंस्पेक्टर की बोलेरो गाड़ी जो चालक पुलिस लाइन लेकर जा रहा था, उसकी एक बाइक से टक्कर हो गई।

एसपी ने बताया मौके का हाल

इस दुर्घटना में बाइक पर सवार तीन स्थानीय युवक नंद कुमार चौहान, एहसान अली और राजा हुसैन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने बताया है कि घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान, किसी व्यक्ति ने घायलों में से एक की मौत की अफवाह फैला दी। इस अफवाह के कारण लोग उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस के वाहन में आग लगा दी। भीड़ के आक्रोश के चलते गाड़ी धू-धू कर जल गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

आंसू गैस और लाठीचार्ज कर भीड़ हटाई गई

स्थिति बेकाबू होते देख सदर एसडीपीओ प्रांजल तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। स्रोतों के अनुसार, पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस स्थिति को सामान्य करने में सफल रही। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

एसपी अवधेश दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी लोग सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या हिंसा में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो फुटेज खंगालकर उकसाने वालों की पहचान की जा रही है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दुर्घटना के कारण पर जांच जारी

एसपी दीक्षित ने यह भी स्पष्ट किया कि दुर्घटना का कारण अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, सामने से तेज गति से एक स्कॉर्पियो आई थी और बाइक सवार उससे बचने की कोशिश में दुर्घटनाग्रस्त हुए। यह सुनिश्चित करने के लिए जांच की जाएगी कि दुर्घटना किस वाहन की वजह से हुई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com