

Bihar Police Exam Protest Patliputra Station: बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण हालात बन गए, जब हजारों की संख्या में छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। ये छात्र बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। ट्रेनों की भारी कमी और देरी से पहुंचने के कारण नाराज अभ्यर्थियों ने न केवल रेल परिचालन बाधित किया, बल्कि ट्रेन में तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव भी किया।
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध विभाग की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी, जिसके लिए हजारों की संख्या में अभ्यर्थी शनिवार रात से ही स्टेशन पहुंचने लगे थे। स्टेशन पर पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था न होने और मौजूदा गाड़ियों के लेट होने के कारण छात्रों के मन में परीक्षा छूटने का डर बैठ गया। इसी आक्रोश में हजारों अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर कूद गए और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची। आक्रोशित छात्रों ने इस स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की और जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल को तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पथराव की इस घटना में आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
हंगामे की सूचना मिलते ही आईजी जितेंद्र राणा, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। छात्रों की जायज मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया, ताकि सभी अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंच सकें। फिलहाल स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।