MLC Election: RJD ने जारी की 6 उम्मीदवारों की लिस्ट, पटना से संजीव सिंह और दिलीप कुमार पर तेजस्वी ने खेला दांव

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद एमएलसी चुनाव 2026 के लिए राजद ने 6 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पटना से डॉ. संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक सीट से दिलीप कुमार पर तेजस्वी यादव ने दांव लगाया है।
rjd leader tejashwi yadav
तेजस्वी यादव(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

RJD Candidate For MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शुक्रवार को अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए राजद ने 6 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। उन्होंने बताया कि दो सीटों पर अभी विचार जारी है।

राजद द्वारा जारी सूची के अनुसार पटना शिक्षक सीट से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पटना स्नातक सीट से दिलीप कुमार राजद के प्रत्याशी होंगे।

कोशी से नितेश कुमार को मिला टिकट

राष्ट्रीय जनता दल ने कोशी स्नातक सीट से नितेश कुमार को टिकट देकर अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं दरभंगा स्नातक सीट से अनिल कुमार झा को मैदान में उतारा गया है। सारण शिक्षक सीट से प्रो. जयराम यादव को राजद ने उम्मीदवार बनाया है और तिरहुत स्नातक सीट से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

पटना से संजीव सिंह बने उम्मीदवार

तेजस्वी यादव की अगुवाई वाली राजद ने इन 6 सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। पटना से पूर्व विधायक संजीव सिंह को एक बार फिर भरोसा जताया गया है। संजीव कुमार सिंह पिछले साल खगड़िया जिले की परबत्ता सीट से विधानसभा चुनाव हार गए थे।

इससे पहले वह परबत्ता से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से विधायक रह चुके हैं। बाद में उन्होंने राजद का दामन थाम लिया था।

कुल 8 सीटों पर होना है चुनाव

बिहार विधान परिषद की कुल 8 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनका कार्यकाल 16 नवंबर को पूरा हो रहा है। इनमें स्नातक और शिक्षक कोटे की सीटें शामिल हैं। राजद ने 6 सीटों पर नाम घोषित कर दिए हैं, जबकि 2 सीटों पर अभी मंथन चल रहा है।

इन 8 सीटों पर चुनाव की घोषणा जल्द होने वाली है। इस बार एमएलसी चुनाव में त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। एक तरफ जदयू-भाजपा समर्थित एनडीए है तो दूसरी तरफ राजद समर्थित महागठबंधन।

rjd leader tejashwi yadav
IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस: लालू, तेजस्वी और राबड़ी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय, राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला

जन सुराज की 8 सीटों पर तैयारी

इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। निर्दलीय प्रत्याशी भी अलग-अलग सीटों पर ताल ठोक सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com