

Bankipur Bypoll Result BJP Preparations: बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। नतीजों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता जीत को लेकर आश्वस्त हैं। बांकीपुर में जश्न की तैयारियां भी शुरू हो चुकी है। जीत की खुशी में 200 क्विंटल लड्डू बनवाए जा रहे हैं।
भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्ण कुमार कल्लू ने कहा, "बांकीपुर में भाजपा-एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की भव्य जीत हो रही है। इसलिए जश्न की भी भव्य तैयारी चल रही है। हम 200 क्विंटल लड्डू बना रहे हैं। सभी जनमानस के बीच में लड्डू बांटे जाएंगे। सुबह 11 बजे से समर्थकों को लड्डू बांटे जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है। हम लोगों ने यह ठाना था कि नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर से जिताना है।
बीजेपी कार्यकर्ता सत्यप्रकाश ने कहा, "हमने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा की भारी अंतर से जीत की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि पूरे समाज को पता चल सके कि बांकीपुर में बीजेपी का कमल एक बार फिर खिल गया है। इस मौके का जश्न मनाने और अपनी खुशी बांटने के लिए हम लड्डू तैयार कर रहे हैं। नतीजों के बाद जनता में खुशी की लहर दौड़ेगी।"
उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जितने भी बनावटी चेहरे वाले लोग हैं, वे नतीजों के बाद गायब हो जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, "हमें पार्टी उम्मीदवार की जीत का पूरा भरोसा है, क्योंकि हमने जमीन पर जाकर मेहनत की है। जब बिहार में भाजपा के बहुमत कम संख्या में भी विधायक रहते थे, उस समय भी बांकीपुर सीट पार्टी के पाले में रही है। उपचुनाव में पार्टी इसको दोहराने जा रही है।"
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे पटना के एएन कॉलेज में शुरू हुई। पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। इसके बाद सुबह 8.30 बजे से ईवीएम की गिनती शुरू हुई। बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी इस मुकाबले में शामिल हैं। वहीं, राजद की तरफ से रेखा गुप्ता ने चुनाव लड़ा है।