

Bihar Bankipur Assembly By Election: बिहार में आज बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहे है। सुबह सात बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वोटिंग की शुरुआत में ही भारतीय जनता पार्टी ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगा दिया है। भाजपा का कहना है कि जन सुराज के कार्यकर्ता फर्जी वोट डलवा रहे है। भाजपा ने आरओ ऑफिसर को पत्र लिखकर सख्त जांच की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी के बिहार के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटरों के वेरिफिकेशन (EPIC ID और नाम का मिलान) को सख्ती से लागू करने के लिए बांकीपुर विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर (DCLR) को पत्र लिखा है।
राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने पत्र में लिखा, "हमारे ध्यान में आया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी हरकतें लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों को कमजोर करती हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता के खिलाफ हैं।"
https://twitter.com/ANI/status/2082653626372419828
भाजपा राज्य महासचिव ने आगे लिखा, "चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने और मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए, हम चुनाव आयोग और मतदान अधिकारियों से सख्ती से वेरिफिकेशन नियमों को लागू करने का पुरजोर अनुरोध करते हैं। खास तौर पर, हर वोटर के लिए अपना असली इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) दिखाना और वोट डालने से पहले आधिकारिक वोटर लिस्ट से अपनी पहचान का बारीकी से मिलान करवाना अनिवार्य किया जाना चाहिए।"
बांकीपुर में वोट डालने आए वोटर नवनीत कुमार ने अपनी अपेक्षाएं बताते हुए कहा, "मुद्दे वही हैं सुरक्षा, कारोबार के लिए साफ-सुथरा माहौल, साफ-सफाई और आम नागरिक सुविधाएं। हम चाहते हैं कि पटना में ये बुनियादी सुविधाएं और मानक बने रहें।"
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव मैदान में कुल 25 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता करेंगे। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।