

Mahananda Express Derailment: बिहार के आरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर रविवार सुबह आरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप-लाइन में अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस (15483) डिरेल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4:12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के चलते उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया।
इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई। इंजन के साथ SLR और H-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया।
रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पटरी से उतरे इंजन समेत तीनों हिस्सों को दोबारा ट्रैक पर लाने का काम किया। इसके साथ ही तकनीकी टीम ने ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच शुरू कर दी।
रेलवे अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और इसके बाद ट्रेन गलत दिशा में कैसे आगे बढ़ी। घटना के वास्तविक कारण और किसी की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की तकनीकी टीमें ट्रैक और सिग्नल व्यवस्था को सामान्य करने में जुटी हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि जल्द से जल्द परिचालन पूरी तरह बहाल किया जा सके।
घटना सुबह के समय हुई, जिससे ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे की ओर से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिग्नल में गड़बड़ी की वजह क्या थी और ट्रेन के डिरेल होने के पीछे कौन से तकनीकी या परिचालन कारण जिम्मेदार रहे।