

Bihar Assembly Election: बिहार में चुनावी चहल-पहल के बीच सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार की सुबह अचानक अशोक चौधरी के घर जा पहुंचे। वहां मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह पहले से ही मौजूद थे। इन तीनों नेताओं की मुलाकात के बाद से सूबे के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
पिछले शनिवार को अनंत सिंह और ललन सिंह ने पटना से मोकामा बाढ़ तक रोड शो किया था। अनंत सिंह ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह के साथ एक ही गाड़ी में पटना से निकले और मोकामा जाकर रोड शो और शक्ति प्रदर्शन किया।
अब रविवार सुबह जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंत्री अशोक चौधरी के आवास पर पहुंचे, तो पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह वहां उनका इंतज़ार कर रहे थे। दोनों की मुलाक़ात हुई, अनंत सिंह ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद किया।
इस पूरे घटनाक्रम का की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यह तस्वीरें इस बात की पुष्टि करती हैं कि जनता दल यू के बड़े नेता अनंत सिंह के टिकट को लेकर नीतीश कुमार के सामने लामबंद हो रहे हैं। जिसका असर भी अब दिखने लगा है।
अनंत सिंह और ललन सिंह के रोड शो के बाद यह स्पष्ट हो गया कि पार्टी में मतभेदों के बावजूद अनंत सिंह का मोकामा से जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हैं। रही-सही कसर ललन सिंह के बाद अब रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात से पूरी हो गई। साफ शब्दों में कहें तो अनंत सिंह को नीतीश कुमार का आशीर्वाद मिल गया है।
राजद छोड़कर जदयू खेमे में वापस आए मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने जेल से बाहर आते ही जदयू के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। अनंत सिंह के इस ऐलान के बाद पार्टी में कुछ बगावती सुर भी उठ रहे हैं। ऐसे में कई बड़े नेता अनंत सिंह के पक्ष में खड़े हैं। जेडीयू के तमाम बड़े नेता लगातार अनंत सिंह के संपर्क में हैं और बैठकों सिलसिला चल रहा है।