अनंत सिंह के साथ उनके 80 समर्थक गिरफ्तार, दुलारचंद यादव की हत्या के बाद बिहार पुलिस का बड़ा एक्शन

Anant Singh Arrested: दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को बेड़ना गांव से मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल 81 गिरफ्तारियां की गई हैं।
Anant singh
अनंत सिंह (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dularchand Murder Case: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा में 30 अक्तूबर को हुए दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पूर्व विधायक और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह को बेड़ना गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पटना डीएम और एसएसपी ने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

पटना पुलिस के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को चुनाव लड़ रहे दो प्रत्याशियों के गुटों में झड़प हो गई थी। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद 75 वर्षीय मृतक दुलारचंद यादव का शव बरामद किया गया। मृतक उसी बेड़ना गांव का रहने वाला था, जहां यह झड़प हुई थी।

क्या बोले एसएसपी कार्तिकेय शर्मा

एसएसपी शर्मा ने पुष्टि की कि साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि यह मामला आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है। चूंकि यह सब प्रत्याशी अनंत सिंह की मौजूदगी में हुआ, इसलिए वह इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। एसएसपी ने बताया कि अनंत सिंह को उनके साथी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनंत सिंह ने समर्पण (सरेंडर) नहीं किया है, बल्कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है। तीनों को अब मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

अनंत सिंह से पहले 80 लोगों की गिरफ्तारी

पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया गया है और वे पिछले 48 घंटों से दिन-रात कैंप कर रहे हैं। डीएम ने बताया कि अनंत सिंह की गिरफ्तारी से पहले ही, 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थिति अब बिल्कुल सामान्य है। प्रशासन उन सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

सभी हथियार होंगे जमा, 50 से ज्यादा चेकिंग पॉइंट

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए, प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं: सभी वैध हथियारों को 100% जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में 50 से ज्यादा चेकिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पर्याप्त सीएपीएफ जवानों को पुलिस और मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय में तैनात किया गया है।

डीएम ने बताया कि पटना से सबसे ज्यादा हथियार जब्त किए गए हैं। एसएसपी ने पटना के मतदाताओं को आश्वस्त किया है कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से होंगे और वे निडर होकर मतदान कर सकेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com