

VinFast Rasad India Launch: VinFast भारतीय बाजार में अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी में है। जिसमें कंपनी ने अपनी नई Rasad इलेक्ट्रिक मैक्सी-स्कूटर का डिजाइन भारत में पेटेंट कराया है। जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि VinFast आने वाले समय में भारतीय ई-स्कूटर सेगमेंट में कई नए मॉडल पेश कर सकती है। लेकिन डिजाइन पेटेंट का मतलब यह नहीं है कि स्कूटर की भारत में लॉन्चिंग तय हो गई है।
VinFast Rasad के बारे में बताए तो यह सामान्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों से बड़ा मैक्सी-स्कूटर डिजाइन दिया गया है। इसका फ्रंट हिस्सा शार्प और एंगुलर नजर आता है। इसमें LED हेडलैंप के साथ V-शेप LED DRLs और लंबी विंडस्क्रीन दी गई है। वहीं स्कूटर में स्टेप्ड सीट मिलती है जिससे राइडर और पीछे बैठने वाले यात्री के लिए बेहतर स्पेस मिल सकता है। इसके अलावा फ्लैट फ्लोरबोर्ड, स्प्लिट पिलियन ग्रैब रेल, बड़े अलॉय व्हील और चौड़े टायर इसे प्रीमियम और दमदार लुक देते हैं। इसके साथ ही सस्पेंशन सेटअप में आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। वहीं ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं।
इसके साथ ही बता दें कि VinFast ने अभी Rasad की बैटरी और मोटर से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन वियतनामी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसमें सेंटर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकती है। इसकी अधिकतम पावर करीब 7.1kW बताई जा रही है।
वहीं रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि स्कूटर की टॉप स्पीड करीब 100kmph हो सकती है। अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं तो Rasad भारत के प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में मजबूत दावेदार बन सकती है। लेकिन इन स्पेसिफिकेशंस की अभी कंपनी ने पुष्टि नहीं की है।
Rasad से पहले VinFast भारत में Viper इलेक्ट्रिक स्कूटर और Sulad कॉन्सेप्ट पर आधारित इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के डिजाइन भी पेटेंट करा चुकी है। वहीं कंपनी ने 2026 में भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एंट्री की योजना बताई थी और शुरुआती तौर पर तीन इलेक्ट्रिक स्कूटर लाने की बात सामने आई थी। फिलहाल Rasad की लॉन्च डेट, कीमत और भारत के लिए स्पेसिफिकेशन की जानकारी सामने नहीं आई है। अगर यह मैक्सी-स्कूटर भारतीय बाजार में आता है तो इसका मुकाबला प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटरों से हो सकता है। ऐसे में VinFast का यह मॉडल भारतीय ईवी बाजार में कंपनी की स्थिति को और मजबूत कर सकता है।