

Tesla Model Y India: भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच Tesla ने अपने ग्राहकों के लिए बड़ा तोहफा पेश किया है। बता दें कि कंपनी ने अपने फेमस Tesla Model Y के लिए नया Over-the-Air (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया है। इस अपडेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब कार के केबिन में Grok AI Assistant का सपोर्ट मिलेगा। वहीं अच्छी बात यह है कि इस नए फीचर का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
बता दें कि Tesla ने इस AI असिस्टेंट को भारतीय यूजर्स को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है। यही वजह है कि इसमें सिर्फ अंग्रेजी ही नहीं बल्कि हिंदी, मराठी, गुजराती, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ जैसी कई भारतीय भाषाओं का भी सपोर्ट दिया गया है। साथ ही कंपनी ने देशभर के अपने शोरूम्स में Model Y की टेस्ट ड्राइव भी शुरू कर दी है।
Tesla Model Y के बारे में बताए तो इसमें Grok AI का इस्तेमाल बेहद आसान है। ड्राइवर को सिर्फ Hey Grok बोलना होगा या फिर स्टीयरिंग पर दिए गए वॉइस बटन को दबाना होगा। इसके बाद AI असिस्टेंट तुरंत एक्टिव होकर आपकी आवाज में दिए गए निर्देशों को समझना शुरू कर देगा। वहीं इसमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि यूजर AI की भाषा, आवाज और बोलने का अंदाज भी अपनी पसंद के अनुसार बदल सकते हैं। जिसका सीधा मतलब है कि अब कार से बातचीत करना पहले से कहीं ज्यादा स्वाभाविक और आसान होगा।
Grok AI केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। यह आपकी ड्राइविंग आदतों और रोजमर्रा के शेड्यूल को समझकर सफर को और आसान बनाता है। वॉइस कमांड के जरिए आप मल्टी-स्टॉप रूट प्लान कर सकते हैं और रास्ते में पड़ने वाले Tesla Supercharger, रेस्टोरेंट, कैफे, अस्पताल, एटीएम और टॉयलेट जैसी जरूरी जगहों की जानकारी तुरंत हासिल कर सकते हैं।
इसके अलावा यदि कार की स्क्रीन पर कोई तकनीकी अलर्ट या चेतावनी आती है तो Grok AI उसे आसान हिंदी में समझाएगा। इससे ड्राइवर को बिना किसी उलझन के तुरंत समझ आ जाएगा कि समस्या क्या है और आगे क्या करना है। यह फीचर ड्राइविंग को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में मदद करेगा।
जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय बाजार में Tesla Model Y फिलहाल दो वेरिएंट में उपलब्ध है। Model Y Premium Rear-Wheel Drive (5-सीटर) की एक्स-शोरूम कीमत 50.89 लाख रुपये है जबकि All-Wheel Drive (6-सीटर) वेरिएंट की कीमत 61.99 लाख रुपये रखी गई है। इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV का मुकाबला Hyundai Ioniq 5, Kia EV6 और BYD Sealion 7 जैसी गाड़ियों से माना जा रहा है। वहीं AI फीचर्स और भारतीय भाषाओं के सपोर्ट के साथ Tesla अब भारतीय EV बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है।