

Tesla SUV Launch India: इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी Tesla अब भारतीय बाजार में अपनी नई और बड़ी SUV लॉन्च करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही अपनी 6-सीटर इलेक्ट्रिक SUV Tesla Model Y L को पेश कर सकती है। यह मौजूदा Model Y का लंबा वर्जन होगा, जिसमें ज्यादा स्पेस और तीन लाइन की सीटिंग दी जाएगी।
नई SUV को खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें बड़ी और आरामदायक फैमिली कार चाहिए। इसमें 2+2+2 का सीटिंग लेआउट मिलेगा, यानी 6 लोग आराम से सफर कर सकेंगे। दूसरी लाइन में कैप्टन सीट्स दी जाएंगी, जो हीटेड और वेंटिलेटेड होंगी। वहीं तीसरी लाइन में भी हीटेड सीट्स का फीचर मिलेगा, जिससे पीछे बैठने वालों को भी प्रीमियम अनुभव मिलेगा।
भारत में Tesla पहले से Tesla Model Y का स्टैंडर्ड वर्जन बेच रही है, जिसे 2025 में लॉन्च किया गया था। हालांकि कंपनी की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पूरे साल में सिर्फ 227 यूनिट ही बिक सकीं, जबकि लक्ष्य 2,500 यूनिट का था। कम डिमांड के चलते कंपनी को ₹2 लाख तक का डिस्काउंट भी देना पड़ा।
नई Tesla Model Y L फिलहाल चीन के शंघाई प्लांट में तैयार की जा रही है और वहीं से इसे भारत में इम्पोर्ट किया जाएगा। ज्यादा इम्पोर्ट ड्यूटी के कारण इसकी कीमत ऊंची रह सकती है, जो बिक्री पर असर डाल सकती है। फिर भी कंपनी को उम्मीद है कि नया वेरिएंट ग्राहकों को आकर्षित करेगा।
फीचर्स की बात करें तो इस SUV में 82 kWh की बैटरी दी जाएगी, जो एक बार चार्ज करने पर लगभग 751 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसमें ड्यूल मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलेगा, जिससे यह कार सिर्फ 4.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड करीब 201 किमी/घंटा बताई जा रही है।
ग्लोबल मार्केट में Tesla को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। खासकर चीन की कंपनी BYD बिक्री के मामले में आगे निकल चुकी है। ऐसे में Tesla नए मॉडल और अपडेट्स के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
अगर Tesla Model Y L भारत में लॉन्च होती है, तो यह Tesla की दूसरी बड़ी पेशकश होगी। खासकर बड़ी फैमिली SUV सेगमेंट में मुकाबला और भी दिलचस्प हो जाएगा।