

EV Two-wheelers: भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम और सस्ते चार्जिंग विकल्पों ने आम ग्राहकों को EV की ओर मोड़ दिया है। कैलेंडर ईयर 2025 में देशभर में 12.8 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर यूनिट्स की रिटेल बिक्री दर्ज की गई, जो साल 2024 के मुकाबले 11.36% ज्यादा है। हालांकि बाजार बढ़ा है, लेकिन सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ग्राहक नए स्टार्टअप्स से ज्यादा भरोसेमंद पुराने ब्रांड्स की तरफ झुकते नजर आ रहे हैं।
साल 2025 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार पर TVS Motor और Bajaj Auto ने मजबूती से कब्जा जमाया। TVS Motor ने 2,98,881 यूनिट्स की बिक्री के साथ पहला स्थान हासिल किया और 35% की शानदार ग्रोथ दर्ज की। वहीं Bajaj Auto ने भी 2,69,847 यूनिट्स बेचकर करीब 39% की जबरदस्त बढ़त हासिल की। इन दोनों कंपनियों की सफलता के पीछे इनका मजबूत सर्विस नेटवर्क और भरोसेमंद इलेक्ट्रिक स्कूटर 'iQube' और 'Chetak' माने जा रहे हैं, जिन पर ग्राहक आंख मूंदकर भरोसा कर रहे हैं।
एक समय EV बाजार में एकतरफा दबदबा रखने वाली Ola Electric के लिए साल 2025 चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। कंपनी की बिक्री में 51.11% की भारी गिरावट दर्ज की गई। जहां 2024 में ओला ने 4 लाख से ज्यादा स्कूटर बेचे थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा घटकर 1.99 लाख यूनिट्स पर सिमट गया। बढ़ती प्रतिस्पर्धा और सर्विस से जुड़ी चिंताओं ने ग्राहकों को दूसरे विकल्पों की ओर मोड़ दिया।
स्टार्टअप्स में Ather Energy ने बाजी मारी। कंपनी ने 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेचकर करीब 59% की ग्रोथ दर्ज की। वहीं देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर निर्माता Hero MotoCorp ने अपने इलेक्ट्रिक ब्रांड 'Vida' के जरिए सबको चौंका दिया। हीरो ने 149.74% की रिकॉर्ड ग्रोथ के साथ 1.09 लाख से ज्यादा स्कूटर बेच दिए।
रिपोर्ट के मुताबिक River जैसे नए ब्रांड्स ने 500% से ज्यादा की रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की है। इससे साफ है कि प्रीमियम डिजाइन और क्वालिटी वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। कुल मिलाकर 2025 ने यह साफ कर दिया है कि अब सिर्फ विज्ञापन नहीं, बल्कि भरोसा, सर्विस और क्वालिटी ही EV बाजार में टिके रहने की असली कुंजी हैं। 2026 में यह मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।