

Small Cars For Women: आज के समय में महिलाओं के लिए भी शहरों में कार चलाना सिर्फ सुविधा नहीं बल्कि रोजमर्रा की जरूरत बन गया है। इसमें ऑफिस जाना हो, बच्चों को स्कूल छोड़ना हो या बाजार और जरूरी काम निपटाने हों अपनी कार होने से काफी आसानी रहती है। वहीं खासतौर पर पहली बार कार खरीदने वालों के लिए सही मॉडल चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे में छोटी कारें एक प्रैक्टिकल विकल्प बनकर सामने आती हैं। लेकिन यह जरूरी नहीं कि हर महिला के लिए छोटी कार ही बेहतर हो लेकिन शहर में रोजाना ड्राइविंग करने वालों के लिए इसके कई फायदे जरूर हैं।
दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में ट्रैफिक और तंग सड़कों पर बड़ी कार चलाना कई बार चुनौती बन जाता है। ऐसे में छोटी कार का कॉम्पैक्ट आकार ऐसी परिस्थितियों में काफी मदद करता है। वहीं संकरी गलियों से निकलना हो या भीड़भाड़ वाली सड़क पर लेन बदलनी हो छोटे आकार की कार को संभालना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। वहीं पार्किंग के मामले में भी छोटी कारें काफी सुविधाजनक रहती हैं। छोटे पार्किंग स्लॉट में कार फिट करना और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पार्किंग ढूंढना बड़ी कार के मुकाबले आसान हो सकता है।
अगर कोई महिला पहली बार कार चलाना सीख रही है या हाल ही में ड्राइविंग शुरू की है तो कॉम्पैक्ट कार आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद कर सकती है। कार के आकार का अंदाजा लगाना, मोड़ लेना और रिवर्स पार्किंग जैसी चीजें छोटी कार में कुछ लोगों को आसान लगती हैं। लेकिन असली आत्मविश्वास कार के आकार से ज्यादा ड्राइविंग अनुभव और सही ट्रेनिंग से आता है।
इसमें छोटी कारों का एक बड़ा आकर्षण उनका अपेक्षाकृत कम रनिंग कॉस्ट हो सकता है। कई कॉम्पैक्ट मॉडल छोटे इंजन के साथ आते हैं और शहर में रोजाना आने-जाने के लिए पर्याप्त साबित हो सकते हैं। इससे लंबे समय में ईंधन खर्च को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा कार खरीदते समय सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि सर्विस कॉस्ट, इंश्योरेंस, टायर और स्पेयर पार्ट्स जैसे खर्चों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
छोटी कार चुनने का मतलब यह नहीं होना चाहिए कि सुरक्षा फीचर्स को नजरअंदाज कर दिया जाए। इसमें कार खरीदते समय एयरबैग, ABS, ESC, मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, रियर पार्किंग कैमरा और अन्य उपलब्ध सेफ्टी फीचर्स जरूर जांचने चाहिए। ऐसे मेंआज के समय में कार का छोटा या बड़ा होना सुरक्षा का अकेला पैमाना नहीं है। मॉडल की सेफ्टी रेटिंग और उसमें मिलने वाले सुरक्षा फीचर्स ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं।
महिलाओं के लिए कार चुनते समय सिर्फ यह सोचने के बजाय कि छोटी कार बेहतर है अपनी जरूरत को प्राथमिकता देना ज्यादा समझदारी है। रोजाना शहर में अकेले ड्राइव करना है तो कॉम्पैक्ट कार सुविधाजनक हो सकती है। वहीं अगर परिवार के साथ लंबी यात्राएं ज्यादा होती हैं तो बड़ी कार या SUV ज्यादा उपयोगी साबित हो सकती है। जिसका सीधा मतलब है कि सही कार वही है जो आपकी ड्राइविंग जरूरत, बजट, सुरक्षा और रोजाना के इस्तेमाल के हिसाब से फिट बैठे।