बार-बार गाड़ी का रजिस्ट्रेशन खत्म, BH Series से पूरे देश में बेफिक्र चलाएं वाहन

BH Series Number: एक राष्ट्र, एक नंबर के विज़न के तहत शुरू की गई BH सीरीज को महाराष्ट्र के पुणे में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। 2025-26 के दौरान पुणे RTO में इस योजना के तहत कई वाहन आए है।
No more repeated vehicle registration renewals BH Series.
BH Series (Source. Policy Bazaar)
Published on
Updated on

BH Series Number Plate Benefits: "एक राष्ट्र, एक नंबर" के विज़न के तहत शुरू की गई 'BH सीरीज' (Bharat Series) को महाराष्ट्र के पुणे में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पुणे RTO में इस योजना के तहत कुल 7,394 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले काफी ज्यादा है। पुणे में बड़ी संख्या में सरकारी, अर्ध-सरकारी दफ्तर और मल्टीनेशनल कंपनियां मौजूद हैं, जिसके कारण यहां ट्रांसफरेबल जॉब करने वाले लोगों की संख्या अधिक है और वे इस सुविधा का तेजी से फायदा उठा रहे हैं।

क्या है BH सीरीज की सबसे बड़ी खासियत?

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 2021 में BH Series की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि अगर कोई व्यक्ति एक राज्य से दूसरे राज्य में नौकरी या अन्य कारणों से जाता है, तो उसे अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन बार-बार ट्रांसफर न कराना पड़े। आम तौर पर नियम यह है कि किसी भी राज्य में वाहन अधिकतम 12 महीने तक ही चलाया जा सकता है। इसके बाद उसी राज्य में दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी हो जाता है। लेकिन BH सीरीज इस झंझट को पूरी तरह खत्म कर देती है।

कैसा मिल रहा है लोगों का रिस्पॉन्स?

'मोटर वाहन अधिनियम, 1988' के तहत वाहन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है, लेकिन BH Series नंबर वाले वाहन मालिकों को एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के लिए अलग से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होती। यही वजह है कि यह योजना लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

पुणे में पिछले वित्त वर्ष के दौरान 7,394 लोगों ने इस सीरीज को चुना। इनमें से 4,637 लोगों ने अपनी कारों के लिए और 2,757 लोगों ने दोपहिया वाहनों के लिए BH सीरीज नंबर लिया। यह आंकड़ा इस बात का साफ संकेत है कि लोग अब इस सुविधा को अपनाने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं।

कैसी होती है BH सीरीज नंबर प्लेट?

BH Series के तहत मिलने वाली नंबर प्लेट का फॉर्मेट थोड़ा अलग होता है। इसमें रजिस्ट्रेशन वर्ष के अंतिम दो अंक, उसके बाद BH कोड, फिर वाहन का यूनिक नंबर और अंत में A से Z के बीच का एक अक्षर शामिल होता है। उदाहरण के तौर पर: 23 BH 1234 A यह एक सरल और यूनिफॉर्म सिस्टम है, जिससे पूरे देश में वाहन की पहचान आसान हो जाती है।

ट्रांसफर जॉब वालों के लिए बड़ी राहत

BH सीरीज उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनकी नौकरी बार-बार ट्रांसफर होती रहती है। अब उन्हें हर राज्य में गाड़ी का नया रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यही कारण है कि पुणे जैसे शहरों में इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com