

Rahu Mahadasha Effects: ज्योतिष शास्त्र में राहु को छाया ग्रह कहा जाता है। अगर आपके जीवन में राहु की महादशा शुरु हो गई है, तो जीवन में बड़े बदलाव, महत्वाकांक्षा, भ्रम, अचानक मिलने वाले अवसर और नई दिशाओं जैसे बदलाव नजर आने लगते हैं।
लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि इसका प्रभाव हर व्यक्ति की कुंडली पर अलग-अलग होता है। इसके लिए राहु की स्थिति, भाव, राशि और अन्य ग्रहों के साथ संबंध पर भी नजर रखनी होती है।
ज्योतिष शास्त्र कहता है कि राहु की महादशा 18 वर्ष तक चलती है। यह जीवन की सबसे लंबी ग्रह दशाओं में से एक मानी जाती है। इस दौरान व्यक्ति के जीवन में परिस्थितियां तेजी से बदलती है।
राहु का आपकी कुंडली में होने का अर्थ है महत्वाकांक्षी होना और असामान्य रास्तों पर चलना। इसलिए जब राहु की महादशा शुरु होती है, तो व्यक्ति को करियर में अचानक अवसर, नई नौकरी, विदेश से जुड़े मौके, तकनीक या ऑनलाइन क्षेत्र में सफलता मिलने की संभावना भी बढ़ सकती है। वहीं गलत दिशा में जाने या जल्दबाजी में निर्णय लेने पर परेशानी भी हो सकती है।
राहु की महादशा में अचानक धन लाभ की संभावना के साथ अचानक खर्च या आर्थिक स्तर पर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसलिए निवेश, कर्ज और बड़े आर्थिक फैसलों में सभी पहलुओं का ध्यान रखना अति आवश्यक हो जाता है।
राहु की महादशा के काल में व्यक्ति की सोच पहले से काफी बदल जाती है। नई चीजें सीखने, अलग जगह जाने या पारंपरिक रास्ते से हटकर कुछ करने की इच्छा बढ़ जाती है। वहीं राहु की प्रतिकूल स्थिति होने पर भ्रम, बेचैनी, असमंजस और कई बार गलत फैसले भी लेने की स्थिति पैदा हो जाती है।
राहु को विदेशी चीजों, आधुनिक तकनीक और अपरंपरागत क्षेत्रों से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए इसकी महादशा में विदेश यात्रा, विदेश में काम, डिजिटल क्षेत्र, सोशल मीडिया, टेक्नोलॉजी या नए तरह के व्यवसाय से जुड़े अवसर आपके जीवन में आ सकते है।
राहु की महादशा के दौरान व्यक्ति की इच्छाएं और प्राथमिकताएं बदल सकती हैं। इसका असर रिश्तों पर भी पड़ सकता है। गलतफहमी, शक या इमोशनल अनस्टेबिलिटी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है, ऐसे में रिश्तों में स्पष्ट संवाद करना जरूरी हो जाता है।
बता दें कि ज्योतिष के अनुसार, राहु का नाम सुनकर डरने की जरूरत नहीं है। मजबूत या शुभ स्थिति में राहु व्यक्ति को प्रसिद्धि, महत्वाकांक्षा, धन और अलग पहचान दिला सकता है, जबकि कमजोर स्थिति में भ्रम और चुनौतियां बढ़ा सकता है। इसलिए केवल महादशा के नाम से परिणाम तय नहीं किए जाते, इसके लिए पूरी जन्मकुंडली का विश्लेषण किया जाता है, जो एक ज्योतिष विशेषज्ञ ही कर सकते हैं।