प्रतीकात्मक फोटो। सोर्स: AI
विदेश

दुनिया का सबसे प्रभावशाली मुसलमान कौन है? भारत के इस मौलाना को मिली जगह, देखें लिस्ट

Most Influential Muslim in World: दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की 2027 की सूची में आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ शीर्ष पर कैसे पहुंचे? भारत के किन हस्तियों को मिली जगह?

अमन कुमार पाण्डेय

Highlights:

  • आसिम मुनीर, शहबाज शरीफ और सऊदी-तुर्की के तीन बड़े नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिलने की वजह।

  • ईरान, पाकिस्तान, जॉर्डन, कतर और अन्य देशों के प्रमुख चेहरों के साथ बॉलीवुड की किन हस्तियों को मिली जगह।

World Most Influential Muslim: दुनिया के 50 सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की 2027 की सूची में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है। दोनों नेताओं के साथ सऊदी अरब के किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन को भी संयुक्त रूप से पहले पायदान पर रखा गया है। जॉर्डन स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) की ओर से जारी 'द मुस्लिम 500' के 18वें संस्करण में पहली बार पांच नेताओं को संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान दिया गया है।

इस सूची में भारत से जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी को टॉप-50 में जगह मिली है। वह 18वें स्थान पर हैं और इस सूची में शीर्ष 50 में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय हैं।

मक्का रक्षा समझौते ने दिलाई शीर्ष स्थान पर जगह

RISSC रिपोर्ट के मुताबिक, आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ को पहले स्थान पर रखने की सबसे बड़ी वजह पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुआ मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है। इस समझौते पर अगस्त में हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समझौते ने तीनों देशों की सैन्य और रणनीतिक ताकत को एक मंच पर लाने का काम किया है। इसमें सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्की की आधुनिक तकनीक और विनिर्माण क्षमता तथा पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को अहम बताया गया है।

रिपोर्ट में आसिम मुनीर को ऐसी सेना का प्रमुख बताया गया है, जिसका पाकिस्तान की सत्ता और शासन व्यवस्था पर वास्तविक प्रभाव है। इसमें उनकी सैन्य और कूटनीतिक भूमिका का जिक्र करने के साथ राजनीतिक दमन और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर उठी आलोचनाओं का भी उल्लेख किया गया है।

गौरतलब है कि 2026 की सूची में मुनीर और शहबाज शरीफ 450वें स्थान पर थे, जबकि 2027 में वे सीधे संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए।

भारत के महमूद मदनी 18वें स्थान पर

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष महमूद मदनी को 2027 की सूची में 18वां स्थान मिला है। पिछली सूची के मुकाबले उनकी रैंकिंग में दो स्थान की गिरावट आई है। जमीयत उलेमा-ए-हिंद की स्थापना 1919 में देवबंदी विद्वानों ने की थी। यह संगठन ऐतिहासिक रूप से संयुक्त राष्ट्रवाद का समर्थन करता रहा है और राष्ट्रीय पहचान को केवल धर्म के आधार पर तय करने के विचार का विरोध करता है।

मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से पढ़ाई पूरी की थी। उनके दादा हुसैन अहमद मदनी 1957 तक संगठन के प्रमुख रहे। इसके बाद उनके पिता असद मदनी ने जिम्मेदारी संभाली और 2006 में निधन तक इस पद पर रहे। महमूद मदनी 2001 से 2021 तक संगठन के महासचिव रहे। बाद में नेतृत्व को लेकर संगठन में मतभेद भी सामने आए।

रिपोर्ट में अल्पसंख्यकों के अधिकारों, नागरिकता और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए उनके काम की सराहना की गई है। आतंकवाद के झूठे मामलों में फंसाए गए लोगों को कानूनी मदद देने, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और इस्लामोफोबिया के खिलाफ उनके प्रयासों का भी उल्लेख है।

रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने वक्फ की सुरक्षा को भारतीय मुसलमानों की सामूहिक धार्मिक जिम्मेदारी बताया और संपत्तियों के रिकॉर्ड को डिजिटल करने, ऑडिट तथा पारदर्शिता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की आलोचना और फिलिस्तीनियों के अधिकारों के समर्थन को भी उनकी प्रोफाइल में जगह मिली है।

जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष महमूद मदनी

सूची में ये नाम भी शामिल

2027 की सूची में ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को दूसरा स्थान दिया गया है। इसके बाद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और कतर के अमीर शेख तमीम का नाम है। पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें और यमन के हूती नेता अब्दुल मलिक अल-हूती 17वें स्थान पर हैं।

शीर्ष 50 में अफगानिस्तान के तालिबान प्रमुख हैबतुल्लाह अखुंदजादा, सीरिया के अहमद अल-शरा और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी भी शामिल हैं।

बाकी 450 नामों में भारत से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के नेता सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन शामिल हैं। बॉलीवुड से शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और शबाना आजमी के अलावा संगीतकार एआर रहमान को भी सूची में जगह मिली है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, भीषण मुठभेड़ में लश्कर का आतंकी लतीफ भट ढेर

मेरे प्यारे पापा, मेरी मां, कल सुबह 6 बजे मैं मर जाऊंगा, कौन थे दक्षिण भारत के भगत सिंह

राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- आर्थिक संकट की कगार पर भारत; बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Kulgam: लतीफ भट नहीं करेगा आत्मसमर्पण, सुरक्षाबलों की कोशिशें नाकाम, 3 मंजिला मस्जिद में छुपा आतंकी

5 राज्यों में अगले साल 26 जनवरी के बाद होंगे विधानसभा चुनाव! कुछ ऐसा हो सकता है वोटिंग का शेड्यूल