South Korea Demanded Apology from Ukraine: दक्षिण कोरिया ने रविवार को यूक्रेन द्वारा उस "गोपनीयता समझौते" से इनकार करने पर गहरा खेद जताया, जो दो उत्तर कोरियाई युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया भेजने से संबंधित था। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति कार्यालय के जनसंपर्क मामलों के वरिष्ठ सचिव सियोंग घी-होंग ने कहा कि कार्यालय, यूक्रेन द्वारा (स्थानांतरण की जानकारी) एकतरफा रूप से उजागर करने और बाद में यह झूठी घोषणा करने पर गहरा खेद व्यक्त करता है कि कोई गोपनीयता समझौता नहीं हुआ था। साथ ही यूक्रेन से इस पर सफाई और माफी की मांग की है।
सियोंग ने आगे कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो दक्षिण कोरिया अतिरिक्त उपायों पर विचार कर रहा है। दरअसर ऐसी खबर है कि यूक्रेनी मीडिया में बताया जा रहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के एक सूत्र ने सियोल के साथ किसी भी गोपनीयता समझौते के अस्तित्व से इनकार किया है। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग और उनके कार्यालय ने दावा किया कि यूक्रेन ने उस कथित गोपनीयता समझौते का उल्लंघन किया है, जिसका मकसद सैनिकों के ट्रांसफर को गुप्त रखकर उनकी सुरक्षा करना था। इसमें अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय सिद्धांतों का हवाला दिया गया था।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि यूक्रेन का इनकार झूठा है, इससे दोनों देशों के बीच आपसी भरोसे को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। सियोल ने यह भी दावा किया कि यूक्रेनी सरकार ने गोपनीयता की मांग इसलिए की थी क्योंकि उत्तर कोरियाई युद्धबंदियों के बदले यूक्रेनी युद्धबंदियों की अदला-बदली का मौका गंवाने पर देश के भीतर आलोचना हो सकती थी। सियोंग ने कहा कि दक्षिण कोरिया युद्धबंदियों और उनके परिवारों की सुरक्षा के साथ-साथ कूटनीतिक और सुरक्षा कारणों से गोपनीयता बनाए रखने पर सहमत हुआ था।
साउथ कोरिया की ओर से दावा किया गया कि कथित आपसी समझौते के बावजूद जेलेंस्की ने बिना किसी पूर्व स्पष्टीकरण या बातचीत के ट्रांसफर की जानकारी सार्वजनिक कर दी। सियोंग ने यूक्रेन के पक्ष में सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने वाले देश के लोगों पर गहरा खेद भी जताया और बेबुनियाद झूठ फैलाने पर रोक लगाने की अपील की।
23 सितंबर को यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली में अपने भाषण के दौरान, जेलेंस्की ने इस ट्रांसफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा था कि हाल ही में, हमने उत्तर कोरिया के दो युद्ध-बंदियों को दक्षिण कोरिया भेजा। इन लोगों को जिंदा पकड़ना आसान नहीं है। उनमें से एक ने, जब उसे एहसास हुआ कि उसे बंदी बनाया जाने वाला है, तो खुदकुशी करने की कोशिश की। और उसे हैरानी हुई कि किस्मत ने उसे मरने नहीं दिया। उन्होंने आगे कहा, "उत्तर कोरिया में लोगों की परवरिश इसी तरह होती है। यही सच्चाई है।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि यूक्रेन ने पकड़े गए उत्तर कोरियाई सैनिकों को दक्षिण कोरिया भेज दिया, जिन्हें 2025 की शुरुआत में रूस के कुर्स्क इलाके में पकड़ा गया था। इन सैनिकों को रूसी सेना की मदद के लिए उस इलाके में तैनात किया गया था। जेलेंस्की ने UNGA में अपने भाषण में यह भी कहा कि उत्तर कोरियाई सैनिकों को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने रूसी सेना के कमजोर हिस्सों को सहारा देने के लिए भेजा था और उत्तर कोरियाई सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।