US Seaplane Crash News In Hindi: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में कनाडा सीमा के पास एक बड़ा विमान हादसा टल गया। गुरुवार शाम को लैंडिंग की कोशिश कर रहा एक सीप्लेन अनियंत्रित होकर चट्टानों से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद विमान आग के गोले में तब्दील हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 11 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:20 बजे हुई। Kenmore Air का DHC-3 Otter मॉडल का सीप्लेन सैन जुआन द्वीप समूह के सूसिया आइलैंड स्टेट पार्क के पास लैंडिंग का प्रयास कर रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और लोगों के अनुसार, विमान पानी की सतह के काफी करीब उड़ रहा था। तभी अचानक वह एक ओर झुक गया और पहले उसका एक हिस्सा पानी से टकराया, जिसके बाद वह हवा में उछला और पास ही मौजूद एक बड़ी चट्टान से जा भिड़ा।
हादसे के समय इलाके में करीब 6 से 7 स्थानीय नावें मौजूद थीं। जैसे ही विमान चट्टान से टकराया और उससे काला धुआं उठने लगा, स्थानीय नाविक और मछुआरे तुरंत मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। अमेरिकी तटरक्षक बल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने यात्रियों को जलते हुए विमान से बाहर निकालने में मदद की। वहां मौजूद लोगों ने बताया हादसा बेहद झकझोर देने वाला था, लेकिन उसमें मौजूद सभी लोग जिंदा बच गए।
जानकारी के अनुसार, विमान में एक पायलट और 10 यात्री सवार थे। सैन जुआन काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जबकि कई अन्य के सिर में चोटें आई हैं और कुछ की हड्डियां टूट गई हैं। घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से 5 को शुक्रवार तक छुट्टी दे दी गई थी।
एयरलाइन के सीईओ डेविड गुडजेल ने सुरक्षा कारणों से शुक्रवार की अपनी सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी और जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। खराब मौसम और तकनीकी जांच दुर्घटना के कारणों की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- AI Science Race: चीन को पछाड़ने के लिए अमेरिका ने बनाया बड़ा प्लान, AI रिसर्च में होगा भारी निवेश
बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में बिजली कड़कने के साथ तेज तूफान और भारी बारिश हो रही थी, जो दुर्घटना की वजह हो सकती है। गौरतलब है कि इसी मॉडल का एक विमान 2022 में भी सिएटल के पास क्रैश हुआ था, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। उस समय जांच में फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी पाई गई थी।