मिनियापोलिस अपार्टमेंट में भीषण गोलीबारी (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

Minneapolis Shooting: अपार्टमेंट में गूंजी गोलियों की आवाज, हमलावर समेत 3 की मौत और 7 घायल

US Minneapolis Shooting: अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार की शाम एक अपार्टमेंट में भीषण गोलीबारी हुई। इस हिंसक वारदात में हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं।

प्रिया सिंह

Fatal US Minneapolis Shooting Incident: अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार शाम एक बहुमंजिला अपार्टमेंट के अंदर हुई भीषण गोलीबारी में हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में तीन पुलिस अधिकारियों सहित सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

अपार्टमेंट में अचानक गूंजी गोलियों की आवाज

यह घटना डाउनटाउन मिनियापोलिस स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में हुई। अचानक गोलियां चलने से इमारत और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहां रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी जूलियस बेली ने बताया कि वह अपार्टमेंट के बाहर बैठे थे, तभी उन्हें लगातार गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने एक महिला को चीखते हुए भी सुना। बेली ने एक व्यक्ति को हाथ में पिस्तौल लिए देखा, जिसके बारे में उनका कहना था कि वह उसी इमारत का निवासी था।

बेली के मुताबिक उन्होंने करीब आठ गोलियां चलने की आवाज सुनी और इसके बाद अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गए। उन्होंने बताया कि वह संदिग्ध व्यक्ति को पहले से जानते थे और वह अक्सर लोगों को हथियार दिखाता था। बेली जून में इस इलाके में रहने आए थे।

बिल्डिंग मैनेजमेंट से पहले की गई थी शिकायत

अपार्टमेंट में रहने वाले क्रिस मिलर ने भी घटना के दौरान तेजी से गोलियां चलने की आवाज सुनी। उन्होंने बताया कि उन्हें तुरंत अंदाजा हो गया था कि गोलीबारी में कौन शामिल हो सकता है, क्योंकि वह संदिग्ध व्यक्ति से पहले गलियारे में मिल चुके थे।

मिलर के अनुसार, इसी सप्ताह उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति को गलियारे में हैंडगन के साथ देखा था। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी अपार्टमेंट के बिल्डिंग मैनेजमेंट को भी दी थी।

911 कॉल के तीन मिनट बाद पहुंची पुलिस

पुलिस विभाग को शाम करीब 4:30 बजे 911 के जरिए गोलीबारी की सूचना मिली। महज तीन मिनट बाद पुलिसकर्मी बहुमंजिला इमारत के अंदर पहुंच गए। वहां उन्हें कई घायल लोग मिले।

इसी दौरान ऊपर की मंजिल से दोबारा गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिसकर्मी जब ऊपर की ओर बढ़े तो वहां धुएं या धुंध जैसा माहौल था, जिससे उनकी दृश्यता काफी कम हो गई। इसके बावजूद अधिकारियों ने जोखिम उठाकर कार्रवाई जारी रखी।

हमलावर समेत तीन की मौत, पुलिसकर्मी घायल

पुलिस सार्जेंट गैरेट पार्टेन के अनुसार, एक पीड़ित की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दूसरे ने हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। संदिग्ध हमलावर भी मारा गया, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

घायलों में तीन पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इनमें से दो को गोली लगी है। एक अधिकारी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे की सर्जरी की जा रही थी। सभी घायल पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर बताई गई है।

गवर्नर और FBI ने दिया मदद का भरोसा

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया के जरिए घटना पर जानकारी दी। उन्होंने पुलिस और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स का आभार जताते हुए कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।

वहीं FBI निदेशक काश पटेल ने बताया कि संघीय एजेंसी मामले में सक्रिय रूप से शामिल है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को जांच और घटना से निपटने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस अब गोलीबारी के पीछे की वजह और संदिग्ध की गतिविधियों की जांच कर रही है।

PM मोदी के उत्तराधिकारी को लेकर संजय राउत का बड़ा दावा, बोले- देवेंद्र फडणवीस बनेंगे उपप्रधानमंत्री

NALSAR Case: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पास लॉ छात्रों पर कार्रवाई का अधिकार नहीं

राघव चड्ढा ने खोल दी SIR की पोल! वोटर लिस्ट से BJP सांसद का नाम कटने पर कांग्रेस ने ली चुटकी

AIMIM से गठबंधन होगा या नहीं? इमरान प्रतापगढ़ी ने बताया कांग्रेस का प्लान, SP से सीट शेयरिंग पर भी किया खुलासा

दिल्ली से अचानक आया बुलावा...नितिन नबीन और नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात से तेज हुई सियासी हलचल; जानें मायने