एलन मस्क (फोटो -सोशल मीडिया) 
विदेश

2029 में इंसान पहुंचेगा मंगल पर! एलन मस्क ने दे डाली तारीख, जाने क्या है पूरा मामला..

एलन मस्क ने ऐलान किया कि 2026 में स्पेसएक्स का स्टारशिप मंगल के लिए रवाना होगा, जिसमें इंसान नहीं, बल्कि टेस्ला का रोबोट 'ऑप्टिमस' होगा। अगर यह मिशन सफल रहा, तो 2029 तक इंसानों की लैंडिंग संभव हो सकती है।

सौरभ शर्मा

नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: इंसान के मंगल ग्रह पर कदम रखने का सपना अब हकीकत बनने के करीब है, और इस सपने को सच करने का दावा कर रहे हैं स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क। मस्क ने हाल ही में घोषणा की है कि उनका स्पेस मिशन अगले साल लॉन्च होगा, जिसमें इंसान नहीं बल्कि टेस्ला का ह्यूमनॉइड रोबोट 'ऑप्टिमस' सवार होगा। यह मिशन मंगल पर इंसानों की मौजूदगी का पहला कदम साबित हो सकता है। अगर सबकुछ योजना के मुताबिक रहा, तो 2029 तक इंसान मंगल की धरती पर उतर सकता है। हालांकि, मस्क का मानना है कि 2031 इसकी ज्यादा संभावित समय सीमा हो सकती है।

मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि अगर ऑप्टिमस का यह मिशन सफल रहा, तो मंगल पर इंसानों की लैंडिंग 2029 तक संभव हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि 2031 ज्यादा व्यावहारिक समय सीमा हो सकती है। इस घोषणा के बाद पूरी दुनिया में चर्चा शुरू हो गई कि क्या वास्तव में मानव सभ्यता जल्द ही एक नए ग्रह पर कदम रखेगी।

स्पेसएक्स का मिशन और मानव मंगल पर

स्पेसएक्स ने 14 मार्च को अपनी 23वीं वर्षगांठ मनाई, और इसी दिन एलन मस्क ने यह चौंकाने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स का सबसे बड़ा स्पेसक्राफ्ट 'स्टारशिप' 2026 के अंत तक मंगल के लिए उड़ान भरेगा। इस मिशन में इंसानों की बजाय ऑप्टिमस रोबोट को भेजा जाएगा, जो मंगल की सतह पर कई महत्वपूर्ण परीक्षण करेगा।

क्या बड़ी चुनौतियां हो सकती है

एलन मस्क की योजना जितनी रोमांचक है, उतनी ही मुश्किल भी। मंगल तक इंसानों को पहुंचाने का रास्ता अब तक आसान नहीं रहा है। स्पेसएक्स पिछले कई सालों से 'स्टारशिप' स्पेसक्राफ्ट को विकसित कर रहा है, लेकिन अब तक इसे लेकर कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। अब तक किए गए आठ टेस्ट लॉन्च असफल रहे हैं, जिनमें स्पेसक्राफ्ट लॉन्च होते ही या कुछ मिनटों बाद ही फट गया। हाल ही में, 7 मार्च को हुआ परीक्षण भी असफल रहा, जिसमें स्टारशिप लॉन्च के कुछ मिनटों बाद ही धमाके के साथ नष्ट हो गया और उसके टुकड़े धरती पर गिर गए। हालांकि, इन असफलताओं के बावजूद मस्क का विश्वास डिगा नहीं है। उनकी टीम लगातार स्पेसक्राफ्ट को बेहतर बनाने में लगी हुई है, ताकि मंगल की लंबी यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सके। विदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

क्या सच में 2029 तक इंसान मंगल पर होगा?

महज पांच साल में इंसानों को मंगल तक भेजना जितना रोमांचक लगता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी कई तकनीकी बाधाओं को पार करना बाकी है। मंगल पर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने से लेकर वहां जीवन जीने लायक माहौल बनाने तक, हर कदम बेहद मुश्किल है। लेकिन एलन मस्क का इतिहास देखे तो यह असंभव भी नहीं लगता। स्पेसएक्स ने पहले भी कई नामुमकिन लगने वाले मिशनों को सफलतापूर्वक पूरा किया है, जैसे कि पुनः उपयोग किए जा सकने वाले रॉकेट्स और इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक सफल यात्राएं। मंगल पर इंसान 2029 में पहुंचेगा या 2031 में, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि अब अंतरिक्ष की यह दौड़ रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। स्पेसएक्स इस मिशन को लेकर पूरी तरह तैयार है, और आने वाले साल इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं।

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, हेमंत सोरेन के साथ राहुल-तेजस्वी का भी फूंका पुतला