Russia Ternopil Attack: यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार तड़के यूक्रेन के पश्चिमी शहर टेरनोपिल को निशाना बनाते हुए रूस ने बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। इस हमले में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 5, 7 और 16 साल के तीन बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हमला देर रात उस समय हुआ जब लोग गहरी नींद में थे।
यूक्रेन के आंतरिक मंत्री इहोर क्लिमेंको ने बताया कि रूस ने टेरनोपिल में दो नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉकों को निशाना बनाया। ये इमारतें पोलिश सीमा से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित हैं। उन्होंने बताया कि 19 लोग ज़िंदा जल गए, जिससे मौतों का आंकड़ा और भी भयावह हो गया है।
हादसे के बाद बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहा है, और अधिकारियों का अनुमान है कि यह प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम दो दिन और लगेंगे। दो दर्जन से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस भीषण हमले में कम से कम 73 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 15 बच्चे शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यूक्रेन की वायु सेना ने जानकारी दी कि रूस ने रात भर में 476 स्ट्राइक और डिकॉय ड्रोन लॉन्च किए, साथ ही 48 प्रकार की मिसाइलें दागीं। इनमें 47 क्रूज़ मिसाइलें शामिल थीं, जिनमें से 41 को वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया। पश्चिमी देशों से मिले F-16 और मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने भी कम से कम 10 क्रूज़ मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर बड़ी तबाही को टालने में मदद की।
हमले के कुछ घंटे बाद ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की तुर्की पहुंच गए, जहां उन्होंने राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन से मुलाकात की। जेलेंस्की का मुख्य उद्देश्य रूस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक अलग-थलग करना और वैश्विक समर्थन जुटाना है। जेलेंस्की ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकतम क्षमताओं पर चर्चा करेंगे कि यूक्रेन न्यायपूर्ण शांति हासिल करे। उन्होंने एर्दोआन के साथ अपने अच्छे संबंधों का भी ज़िक्र किया और उम्मीद जताई कि तुर्की यूक्रेन के लिए कूटनीतिक समर्थन को आगे बढ़ाएगा।
यह भी पढ़ें:- ड्रग्स, तस्करी, आतंकवाद…भारत के खिलाफ आतंकिस्तान की खतरनाक साजिश, युनूस को बनाया मोहरा
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका की ओर से कुछ नए रुख और संकेत दिखाई दे रहे हैं। “कल देखेंगे,” उन्होंने कहा, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यूक्रेन अमेरिकी समर्थन को लेकर उम्मीदें लगाए बैठा है।