Ukraine Drone Attack On Russia Beach: दक्षिणी रूस के काला सागर के तट पर बच्चों के साथ नहा रहे लोगों के बीच अचानक एक यूक्रेनी कामिकेज ड्रोन गिरा। जिसके बाद वहां भीषण धमाका हुआ, इसमें 3 मासूम बच्चों समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई। इस भयावह हमले में 40 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 17 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आर्किपो-ओसिपोव्का गांव के पास स्थित इस बीच पर लोग अपने परिवारों के साथ छुट्टियों का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक आसमान से एक तेज रफ्तार ड्रोन नीचे आया और देखते ही देखते आग के गोले में बदल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो को बीबीसी ने वेरिफाई करने का दावा किया है, जिसमें ड्रोन को सीधे पर्यटकों के बीच गिरते हुए देखा जा सकता है। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
क्रास्नोडार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन पर आम नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया है। गवर्नर के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब लोग समंदर किनारे धूप सेंक रहे थे और बच्चे पानी में खेल रहे थे।
दूसरी तरफ, कुछ यूक्रेनी टेलीग्राम चैनलों ने दावा किया है कि रूसी ‘इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर’ सिस्टम की वजह से ड्रोन का सिग्नल जाम हो गया था, जिससे वह अनियंत्रित होकर बीच पर गिर गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले से पहले इलाके में कोई भी चेतावनी सायरन नहीं बजा था। बीच पर मौजूद एक पर्यटक ने बताया कि धमाके से ठीक पहले गोलीबारी की आवाजें सुनी गई थीं, जिससे संकेत मिलता है कि रूसी एयर डिफेंस ने ड्रोन को मार गिराने का प्रयास किया होगा। एक अन्य चश्मदीद ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब उसके बच्चों के सामने हुआ और उनका परिवार अब गहरे सदमे में है।
गौरतलब है कि पिछले एक साल में यूक्रेन ने रूस के काफी अंदरूनी हिस्सों तक हमला करने की क्षमता विकसित कर ली है। अब तक यूक्रेन मुख्य रूप से रूस के ऊर्जा ठिकानों और सैन्य गोदामों को निशाना बनाता रहा है लेकिन इस घटना ने रिहायशी और पर्यटन क्षेत्रों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। रूसी अधिकारियों का कहना है कि वे इस हमले का उचित जवाब देंगे, जिससे क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ने की आशंका है।