Massive UK Flight Cancellations: ब्रिटेन में मंगलवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी ने विमान सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सिस्टम में गड़बड़ी के कारण देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों से 300 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि हजारों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। लंदन के हीथ्रो और गैटविक से लेकर मैनचेस्टर और बर्मिंघम तक फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुए। ब्रिटेन की राष्ट्रीय हवाई यातायात सेवा (NATS) ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी और तकनीकी समस्या को जल्द दूर करने के प्रयास किए।
NATS के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 1:46 बजे उसके मुख्य फ्लाइट फ्रोसेसिंग सिस्टम में अचानक तकनीकी समस्या आ गई। इस वजह से उड़ानों के प्रस्थान और संचालन में लगातार दिक्कतें आने लगीं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयर ट्रैफिक पर कड़े नियंत्रण लागू किए गए।
NATS के इंजीनियरों ने करीब दो घंटे के भीतर तकनीकी खराबी की पहचान कर उसे ठीक कर दिया। हालांकि, सिस्टम सामान्य होने के बाद भी उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ने से इसका असर कई घंटे तक जारी रहा और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा।
इस व्यवधान का सबसे ज्यादा असर ब्रिटेन के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर देखने को मिला। हीथ्रो में रोजाना औसतन करीब 1300 उड़ानों की तुलना में 352 उड़ानें प्रभावित हुईं। वहीं गैटविक में लगभग 850 उड़ानों में से 281 में भारी देरी दर्ज की गई।
मैनचेस्टर एयरपोर्ट पर करीब 650 उड़ानों में से 249 प्रभावित हुईं, जबकि बर्मिंघम में 300 में से 101 उड़ानों पर असर पड़ा। लूटन, स्टैनस्टेड और एडिनबर्ग एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को फ्लाइट देरी और कैंसिलेशन की परेशानी झेलनी पड़ी।
ब्रिटेन की इस तकनीकी समस्या का प्रभाव केवल देश के अंदर तक सीमित नहीं रहा। आयरलैंड के डबलिन एयरपोर्ट के साथ-साथ ग्लासगो, अबरडीन और बेलफास्ट से संचालित होने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
यूरोपीय हवाई सुरक्षा संगठन Eurocontrol के अनुसार, कई विदेशी उड़ानों को उनके मूल हवाई अड्डों पर ही रोकना पड़ा। इससे यात्रियों की यात्रा योजना बिगड़ गई और एयरपोर्ट्स पर भीड़ बढ़ गई।
तकनीकी खराबी के दौरान कुछ यात्रियों ने साइबर हमले की आशंका भी जताई। कुछ पायलटों की ओर से यात्रियों को कथित साइबर अटैक के बारे में जानकारी दिए जाने की बात सामने आई।
हालांकि, NATS ने इस संभावना को नकारा है। संगठन की प्रवक्ता ने कहा कि इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है कि सिस्टम में आई तकनीकी समस्या साइबर हमले की वजह से हुई थी।
इस रुकावट से ब्रिटिश एयरलाइन्स, इजीजेट और रेयानएयर जैसी प्रमुख विमानन कंपनियां भी प्रभावित हुईं। एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार शाम 4:15 बजे तक हीथ्रो और गैटविक से आने-जाने वाली करीब 90 उड़ानें रद्द हो चुकी थीं।
रेयानएयर ने बताया कि उसकी 50 उड़ानें रद्द हुईं, जिससे 65000 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल में आई इस खराबी ने एक बार फिर दिखाया कि तकनीकी सिस्टम में छोटी अवधि का व्यवधान भी पूरे यूरोपीय विमानन नेटवर्क पर बड़ा असर डाल सकता है।