तुर्किश एयरलाइंस, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

तुर्किश एयरलाइंस में 'बम' की खबर, बार्सिलोना में हुई इमरजेंसी लैंडिंग; पुलिस ने शुरू की जांच

Turkish Airlines: बार्सिलोना जा रही तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट में बम की धमकी के बाद हड़कंप मच गया। एक यात्री द्वारा वाई-फाई नेटवर्क का नाम संदिग्ध रखने के कारण विमान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

अमन उपाध्याय

Turkish Airlines Bomb Threat: तुर्किश एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विमान के भीतर बम होने की आशंका जताई गई। यह फ्लाइट इस्तांबुल से स्पेन के शहर बार्सिलोना की ओर जा रही थी।

जैसे ही विमान अपने गंतव्य के करीब पहुंचा, सुरक्षा कारणों से इसे बार्सिलोना के एल प्रत एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में लैंड कराया गया। इस सूचना के बाद यात्रियों में खलबली मच गई और विमान के उतरते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू कर दी गई।

वाई-फाई नेटवर्क का नाम बना जी का जंजाल

इस पूरी घटना के पीछे किसी आतंकवादी संगठन का हाथ नहीं बल्कि विमान में सवार एक यात्री की गैर-जिम्मेदाराना हरकत थी। एयरलाइंस के प्रवक्ता यह्या ऊस्तुन के अनुसार, एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन पर एक 'इन-फ्लाइट वायरलेस नेटवर्क' बनाया। इस यात्री ने नेटवर्क का नाम ऐसा रखा जिसमें बम की धमकी वाला संदेश शामिल था। जब अन्य यात्रियों या चालक दल की नजर इस नेटवर्क नाम पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। एयरलाइंस ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इसे वास्तविक खतरा माना और तत्काल आपात लैंडिंग का फैसला लिया।

स्पेनिश अधिकारियों की कार्रवाई

विमान की लैंडिंग के बाद स्पेन की 'सिविल गार्ड पुलिस' ने मामले की कमान संभाली और विस्तृत जांच शुरू की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल हवाई अड्डा सामान्य रूप से संचालित हो रहा है और वहां किसी अन्य प्रकार का खतरा नहीं है। हालांकि, तुर्किश एयरलाइंस ने उस यात्री की पहचान या नेटवर्क के सटीक नाम के बारे में अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है लेकिन यह स्पष्ट किया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यह कदम उठाना अनिवार्य था।

सुरक्षा मानकों की गंभीरता

यह घटना विमान यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों की सख्ती को रेखांकित करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि हवाई सफर के दौरान कोई भी संदिग्ध गतिविधि चाहे वह मजाक में की गई हो या अनजाने में उसे बेहद गंभीरता से लिया जाता है। इस मामले में भी एक छोटी सी हरकत ने न केवल सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में डाली बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं में बड़ा व्यवधान पैदा किया। फिलहाल स्पेनिश अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपी यात्री पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

सपा नेता सिनोद शाक्य को BJP ने बनाया प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही लिस्ट

Hotel Room Safety: होटल में चेक-इन करते ही करें ये 10 जरूरी काम, सुरक्षा में न करें लापरवाही

गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, गोलीबारी में 6 लोगों की मौत; सामने आया खौफनाक VIDEO

SIR पर विपक्ष के प्रदर्शन के जवाब में सड़क पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री! क्या है BJP का प्लान?

SIR के तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए, चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में जवाब