Indonesia Boat Fire News: इंडोनेशिया में समुद्र के बीच एक भीषण हादसा हुआ है। उत्तरी सुलावेसी तट के पास यात्रियों से भरी एक नाव में आग लग गई। यह नाव, जिसका नाम 'के एम बार्सिलोना' बताया जा रहा है, लगभग 300 लोगों को लेकर जा रही थी। आग लगते ही नाव में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए समुद्र में कूद पड़े। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे नाव में आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में पूरी नाव को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों और घने धुएं ने माहौल को और भी भयावह बना दिया। कई यात्रियों ने इस डरावने मंजर को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया है। अब तक की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं, जबकि दर्जनों यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बचाव कार्य अभी भी जारी है।
राहत बचाव कार्य जारी स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नाव पर लगभग 300 लोग सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही इंडोनेशियाई बचाव दल तुरंत हरकत में आ गया और बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। आग लगते ही नाव पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद मछुआरे तुरंत सहायता के लिए आगे आए, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। इसके बावजूद, कई लोगों ने मछुआरों की नावों की मदद से किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई।
वायरल वीडियो में लोग मदद के लिए चीखते नजर आ रहे हैं, क्योंकि आग तेजी से पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले रही है और घना काला धुआं आसमान की ओर उठता दिखाई दे रहा है। पास के टैलिस द्वीप के पास से गुजर रही कई मछली पकड़ने वाली नौकाओं ने कुछ लोगों को डूबने से बचाया। मछुआरों ने उन्हें पानी से निकालकर अपनी नावों में चढ़ाया और सुरक्षित रूप से किनारे तक पहुंचाया।