Sri Lanka Floods: श्रीलंका इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। लगातार बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से हालात बेहद खराब हो गए हैं। डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (DMC) के मुताबिक, देशभर में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 56 तक पहुंच गई है, जबकि 21 लोग अभी भी लापता हैं। सिर्फ पिछले 72 घंटों में 46 नई मौतें दर्ज की गई हैं।
स्थिति के लगातार बिगड़ते स्वरूप को देखते हुए श्रीलंकाई सरकार ने शुक्रवार को जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मियों को छोड़कर सभी के लिए पब्लिक हॉलिडे की घोषणा कर दी है, ताकि लोग घरों से बाहर न निकलें और बचाव कार्य आसानी से चल सके।
DMC के अनुसार, अब तक 12,313 परिवारों के लगभग 43,991 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा असर पूर्वी, मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में महसूस किया जा रहा है। कई इलाकों में पानी घरों और सरकारी ढांचों में घुस गया है, जिससे हजारों लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ श्रीलंका के पूर्वी जिले त्रिंकोमाली के पास सक्रिय हो गया है। तूफान का केंद्र त्रिंकोमाली से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और यह उत्तर व उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24-48 घंटों के लिए पूरे द्वीप में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि चक्रवात दित्वा के कारण अपने प्रियजनों को खोने वाले श्रीलंका के लोगों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, सांत्वना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
अपने निकटतम समुद्री पड़ोसी के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए, भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत तत्काल राहत सामग्री और महत्वपूर्ण HADR सहायता भेजी है। हम स्थिति के अनुसार और अधिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं। भारत की "पड़ोसी प्रथम" नीति और "महासागर" विज़न के मार्गदर्शन में, भारत संकट की इस घड़ी में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।
खराब मौसम के कारण श्रीलंकन एयरलाइंस ने कई उड़ानों को भारत के कोच्चि, त्रिवेंद्रम और देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित मट्टाला एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने संभावित जोखिम को देखते हुए रनवे ऑपरेशन सीमित कर दिए हैं।
रेलवे विभाग ने भी सुबह 6 बजे से अनिश्चितकाल के लिए सभी ट्रेन सेवाएं रोक दी हैं, क्योंकि कई ट्रैक पानी में डूब चुके हैं या भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
यह भी पढ़ें:- अदियाला जेल की दीवारों में दफन हैं 142 साल के गहरे राज! पाक आर्मी का काला सच जान दहल जाएंगे आप
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने राहत और पुनर्वास को लेकर दिन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय सहायता मांगे जाने पर भी चर्चा होगी। श्रीलंका में आपात स्थिति जैसे हालात हैं और प्रशासन लोगों से घरों में रहने, ऊंचे क्षेत्रों में जाने और आधिकारिक चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील कर रहा है।