Highlights
संवेदनशील बना हुआ है ऊर्जा का प्रमुख मार्ग होर्मुज स्ट्रेट
सिंगापुर के दो जहाज हमले का शिकार होने से हुए क्षतिग्रस्त
ईरान की नौसेना का दावा प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने के दौरान बारूदी सुरंग की चपेट में आने से हुआ हादसा
Attack On Two Singaporean Container Ships Strait Of Hormuz: ईरान और अमेरिका के टकराव के कारण मध्य एशिया के लिए ऊर्जा का प्रमुख मार्ग होर्मुज स्ट्रेट संवेदनशील बना हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रही जहाज सुरक्षित नहीं है। इसी बीच इस मार्ग से गुजर रहे सिंगापुर में पंजीकृत दो कंटेनर जहाजों पर मंगलवार और बुधवार को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किए जाने की खबर है। इस घटना में एक जहाज में आग लगने के बाद वह डूब गया, जबकि दूसरे जहाज को भी नुकसान पहुंचा। बुधवार को सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण ने यह जानकारी दी।
सिंगापुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार जीएफएस प्राइड नामक जहाज हमले में क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई, जिसके बाद वह डूब गया। जहाज पर सवार सभी 21 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दूसरे जहाज जीएफएस गिजेल के बाहरी ढांचे को नुकसान पहुंचा। हालांकि, जहाज अपने इंजन की मदद से सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचने में सफल रहा। इस जहाज पर चालक दल के 22 सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। एमपीए ने बताया कि दोनों जहाजों में कोई सिंगापुरी नागरिक सवार नहीं था।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने बुधवार को दावा किया कि एक कंटेनर जहाज प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने की कोशिश के दौरान समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया और डूब गया।
दावे के अनुसार जहाज होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिण में एक समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया। इसके बाद उसमें विस्फोट हुआ और आग लग गई। ईरानी नौसेना ने दावा किया कि जहाज पर 2,500 से अधिक कंटेनर लदे थे।
आईआरजीसी नौसेना के कमांडर अली अजमाई ने कहा था कि आईआरजीसी की नौसेना फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट पर चौबीसों घंटे नियंत्रण रखती है, जबकि ओमान की खाड़ी ईरानी सेना की नौसेना के नियंत्रण और निगरानी में है।
अजमाई ने कहा कि ईरान की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा अभूतपूर्व स्तर पर है। उन्होंने दावा किया कि फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की इच्छा रखने वाले जहाजों को अनुमति लेनी होगी और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जवाबदेह होना पड़ेगा।
28 फरवरी को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ और सख्त कर दी थी। ईरान के अनुसार, उसके क्षेत्र पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद उसने इजरायल और अमेरिका के स्वामित्व वाले या उनसे संबद्ध जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर रोक लगा दी थी। एजेंसी इनपुट के साथ।