

Highlights:
रोहित राणे किस राज्य का रहने वाला है
रोहित को किस लिए 20 साल की सजा हुई
रोहित राणे फ्रांस में क्या काम करता था
रोहित राणे ने किस स्कूल से पढ़ाई की है
Rohit Rane Pune Discord Case: फ्रांस की एक कोर्ट ने बीते शुक्रवार 9 अक्टूबर को 29 वर्षीय भारतीय नागरिक रोहित राणे को 20 साल जेल की सजा सुनाई। उस पर नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और उन्हें प्रताड़ित करने वाले अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह समूह ब्रिटेन, अमेरिका और कनाडा के कमजोर बच्चों को निशाना बनाता था।
एसोसिएटेड प्रेस (Associated Press) की रिपोर्ट के मुताबिक, सीवीएलटी (CVLT) नामक इस ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े लोग डिस्कॉर्ड प्लेटफॉर्म के जरिए बच्चों को अपने संपर्क में लाते थे और उन्हें कथित तौर पर गुलाम की तरह इस्तेमाल करते थे। रिपोर्ट के अनुसार, इस समूह के कम से कम तीन सदस्यों को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। रोहित राणे को नाबालिग के यौन शोषण के लिए दबाव बनाने और उसके साथ यातना से जुड़े अपराधों में दोषी ठहराया गया।
फ्रांस में अभियोजकों ने रोहित राणे के लिए 30 साल की जेल की सजा की मांग की थी। उन्होंने उसे नाजी विचारधारा का समर्थक, परपीड़क और अत्यधिक हिंसक प्रवृत्ति वाला व्यक्ति बताया। हालांकि, न्यायाधीश ने उसे 20 साल की सजा सुनाई, जो उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों में अधिकतम संभावित सजा थी। कोर्ट में मौजूद लोगों के अनुसार, फैसला सुनाए जाने के दौरान राणे ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला रोहित राणे फ्रांस में खेल प्रशिक्षक के रूप में काम करता था। इससे पहले उसने एंटिबेस शहर के एक वाणिज्यिक विद्यालय में पढ़ाई की थी। अमेरिकी अधिकारियों से मिली सूचनाओं के बाद फ्रांस की पुलिस ने 2021 में दक्षिणी फ्रांस के एंटिबेस से उसे गिरफ्तार किया था।
शुरुआत में रोहित राणे ने पूरे मामले को गलतफहमी बताया था। बाद में उसने डिस्कॉर्ड समूह का प्रशासक होने की बात स्वीकार की थी। उसने यह भी कहा था कि उसे हिंसक वीडियो देखना पसंद था। मामले ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बच्चों को निशाना बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।