पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में धमाका, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

आतंकी हमलों से दहला पाकिस्तान; खैबर पख्तूनख्वा में तीन पुलिसकर्मियों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दो भीषण आतंकी हमलों में 3 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 34 घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों ने बन्नू में एक बड़ा आत्मघाती हमला नाकाम किया है।

अमन उपाध्याय

Pakistan Khyber Pakhtunkhwa Terror Attack: पाकिस्तान का अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा एक बार फिर भीषण आतंकी हिंसा से दहल उठा है। बुधवार को हुए दो अलग-अलग हमलों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 3 पुलिसकर्मियों की जान चली गई और 34 अन्य घायल हो गए।

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब पाकिस्तान पहले से ही आंतरिक सुरक्षा और अस्थिरता के मोर्चे पर संघर्ष कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों ने लोअर दीर में एक पुलिस काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जबकि बन्नू में एक बड़े आत्मघाती हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया।

पुलिस काफिले पर ग्रेनेड से हमला

आतंकी हिंसा की पहली घटना लोअर दीर जिले के हैदर क्षेत्र में लादम टॉप के पास हुई। पुलिस के अनुसार, जब उनका काफिला वहां से गुजर रहा था, तभी छिपे हुए आतंकियों ने हैंड ग्रेनेड और ऑटोमैटिक हथियारों से भीषण हमला शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंके और फिर अंधाधुंध गोलीबारी की।

इस हमले में 3 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। हमला इतना आक्रामक था कि आतंकियों ने पुलिस के दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना के तुरंत बाद अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

फिदायीन हमले की बड़ी साजिश नाकाम

दूसरी घटना बन्नू जिले के मिरयान पुलिस स्टेशन में हुई, जहां सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से एक बड़ी तबाही टल गई। रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादी विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को पुलिस स्टेशन से टकराने की कोशिश कर रहे थे। पुलिसकर्मियों और वहां तैनात जवानों ने समय रहते जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी कर विस्फोटकों से भरी गाड़ी को स्टेशन तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया।

गाड़ी में विस्फोट के बाद आतंकियों ने थाने में घुसने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों ने प्रभावी जवाबी हमला किया, जिसमें 4 आतंकवादी मारे गए। हालांकि, इस भीषण मुठभेड़ और धमाके में 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी

बन्नू के जिला पुलिस अधिकारी (DPO) कैप्टन मोहम्मद फुरकान बिलाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत पेशावर के अस्पतालों में एयरलिफ्ट किया गया है। पूरे इलाके में सेना और पुलिस की भारी नफरी तैनात कर दी गई है और फरार हमलावरों की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है।

बढ़ता आतंकी खतरा

यह पहली बार नहीं है जब बन्नू या आसपास के इलाकों को निशाना बनाया गया है। इसी साल अप्रैल में भी बन्नू के डोमेल पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती कार बम हमला हुआ था, जिसमें 5 नागरिकों की जान गई थी। पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।

हाल ही में ग्वादर में कोस्ट गार्ड कैंप पर भी बड़ा हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी BLA ने ली थी। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव, जैसे अमेरिका द्वारा ईरान पर हवाई हमले और जवाबी कार्रवाई, ने भी इस क्षेत्र की सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं।

सरकार पर प्रियंका गांधी का वार, बोली बेरोजगारी और महंगाई रूपी रावण से जूझ रही जनता

एकनाथ शिंदे जल्द बनेंगे CM, जो रास्ते में आएगा उसका...दशहरा रैली में शिवसेना के मंत्री के दावे से हड़कंप!

दिल्ली पुतला विवाद: AAP पर बरसे कपिल मिश्रा, बोले- कॉकरोच के पुतले से राजनीतिक दीमकों को हो रहा है दर्द

Explainer: यूपी चुनाव में किसकी नैया के खेवनहार बनेंगे मल्लाह, किन सीटों पर है मजबूत पकड़? जानें पूरा समीकरण

दशहरा समारोह में शामिल हुए PM मोदी, बोले- सत्ता का उद्देश्य जनकल्याण होना चाहिए