पाकिस्तान ने फिर बढ़ाया एयरस्पेस बैन, कॉन्सेप्ट फोटो, नवभारत 
विदेश

भारत-पाक तनाव: पाकिस्तान ने 24 मई तक बढ़ाया एयरस्पेस बैन, 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें होंगी प्रभावित

Pakistan Extends Airspace Ban: पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को 24 मई 2026 तक बढ़ा दिया है। पहलगाम हमले के बाद से ही ये फैसले लगातार लिए जा रहे है।

अमन उपाध्याय

Pakistan Extends Airspace Ban On Indian Flights: भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) पर लगे प्रतिबंध को एक बार फिर बढ़ाने का फैसला किया है। पाकिस्तान द्वारा जारी ताजा 'नोटिस टू एयरमेन' (NOTAM) के अनुसार, भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र अब 24 मई 2026 की सुबह 4:59 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।

कराची-लाहौर हवाई क्षेत्र में पाबंदी

पाकिस्तान के इस ताजा आदेश के तहत भारतीय पंजीकृत विमानों, भारतीय एयरलाइनों के ऑपरेटरों और सैन्य उड़ानों के भी पाकिस्तानी सीमा से गुजरने पर सख्त रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध विशेष रूप से कराची (OPKR) और लाहौर (OPLR) 'फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन' (FIR) को कवर करता है। गौरतलब है कि इससे पहले जारी किया गया प्रतिबंध 24 अप्रैल को समाप्त होने वाला था लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे एक महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है।

सुरक्षा कारणों का हवाला

दोनों देशों के बीच हवाई क्षेत्र के इस गतिरोध की जड़ें पिछले साल के हमले से जुड़ी है। अप्रैल 2025 में हुए भीषण पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने पहली बार 23 अप्रैल 2025 को एक महीने के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिसके जवाब में भारत ने मई में चार दिवसीय 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था। इन घटनाओं के बाद से ही दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव चरम पर है और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हवाई मार्ग बंद रखे गए हैं।

एयरलाइनों पर भारी बोझ

इस हवाई प्रतिबंध का सबसे बड़ा और सीधा खामियाजा आम यात्रियों और भारतीय एयरलाइन कंपनियों को भुगतना पड़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार, हर हफ्ते लगभग 800 भारतीय उड़ानें (आने और जाने वाली दोनों) इस प्रतिबंध से सीधे तौर पर प्रभावित हो रही हैं।

दिल्ली, अमृतसर और जयपुर जैसे उत्तर भारतीय हवाई अड्डों से पश्चिम एशिया, यूरोप, ब्रिटेन, काकेशस और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों को अब लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता है। हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानों के समय में वृद्धि हुई है और ईंधन की अतिरिक्त खपत के कारण विमानन कंपनियों पर वित्तीय बोझ भी बढ़ गया है।

भारत की जवाबी कार्रवाई की संभावना

पाकिस्तान के इस कदम के बाद अब भारत की ओर से भी इसी तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, भारत ने भी पहले से ही पाकिस्तानी विमानों पर इसी तरह का प्रतिबंध लगा रखा है और बुधवार को जारी पाकिस्तानी नोटिस के जवाब में भारत भी पाकिस्तानी एयरलाइनों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर पाबंदी की अवधि बढ़ा सकता है। पिछले एक साल से दोनों देश हर महीने इसी तरह के 'नोटिस टू एयरमेन' जारी कर इस प्रतिबंध को आगे बढ़ाते आ रहे हैं जिससे दक्षिण एशिया में हवाई यातायात का संकट लगातार बना हुआ है।

Muzaffarnagar Road Accident: रोडवेज बस ने बाइकों को मारी जोरदार टक्कर, 3 साल की बच्ची समेत 5 की मौत

Explainer: बंगाल में क्यों गरमाई फिश पॉलिटिक्स? जानिए बंगाली अस्मिता, मछली का कनेक्शन और पूरे विवाद की वजह

Red Fort Blast: मदर ऑफ शैतान से हुआ धमाका, कार को ही बना दिया था बम...NIA चार्जशीट में क्या-क्या सामने आया?

Kal Ka Mausam: दिल्ली-UP से बिहार तक कैसा रहेगा मौसम? 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट

BRICS Summit: दिल्ली के भारत मंडपम में सजेगा ब्रिक्स सम्मेलन का मंच, विदेश मंत्रालय ने जारी किया शेड्यूल