न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुए मादुरो, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

कांपते हुए कदम और हाथ में हथकड़ी... न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश हुए मादुरो, बोले- 'मैं बेगुनाह हूं'

Maduro New York Court: वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया गया। ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में उन्होंने खुद को निर्दोष बताया।

अमन उपाध्याय

Nicolas Maduro Court Appearance:  वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सोमवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मैनहैटन की फेडरल कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस भी अदालत में मौजूद रहीं। दोनों पर ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं।

कोर्ट परिसर से सामने आई तस्वीरों में मादुरो हथकड़ियों में नजर आए। सशस्त्र अमेरिकी अधिकारियों की निगरानी में उन्हें अदालत भवन में लाया गया। यह पेशी उस सनसनीखेज कार्रवाई का हिस्सा रही जिसमें शनिवार तड़के अमेरिका की विशेष सैन्य इकाइयों ने कराकास स्थित मादुरो के आवासीय परिसर पर कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया था। इसके बाद दोनों को सीधे अमेरिका लाया गया।

मैं पूरी तरह निर्दोष हूं

न्यूयॉर्क की अदालत में 92 वर्षीय जज एल्विन के. हेलरस्टीन ने कार्यवाही की अध्यक्षता की। स्थानीय समयानुसार, दोपहर 12:01 बजे मादुरो को नीली जेल यूनिफॉर्म में कोर्टरूम में लाया गया। उन्होंने अपने वकील से हाथ मिलाया और अनुवाद के लिए हेडसेट लगाए। इसके बाद उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को भी अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान मादुरो लगातार नोट्स लेते रहे। उन्होंने जज से अपने नोट्स अपने पास रखने की अनुमति मांगी जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। अभियोजन पक्ष ने भी इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई। मादुरो ने आरोपों पर 'नॉट गिल्टी' की दलील दी और कहा, 'मैं बेगुनाह हूं, मैं आज भी अपने देश का राष्ट्रपति हूं।' हालांकि जज ने उन्हें बयान सीमित रखने के निर्देश दिए।

खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया

सिलिया फ्लोरेस ने भी अनुवादक के माध्यम से सभी आरोपों से इनकार करते हुए खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। अदालत ने दोनों की दलीलों को आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया।

कोर्ट ने मादुरो को अगली सुनवाई के लिए 17 मार्च को पेश होने का आदेश दिया है। फिलहाल वह ड्रग्स और हथियारों से जुड़े मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। निकोलस मादुरो की ओर से मशहूर अमेरिकी ट्रायल वकील बैरी पोलैक पैरवी कर रहे हैं जबकि उनकी पत्नी की तरफ से व्हाइट कॉलर मामलों के विशेषज्ञ मार्क डॉनेली पेश हुए।

कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं

इस बीच वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। चीन और ईरान ने अमेरिका से मादुरो की तत्काल रिहाई की मांग की है, जबकि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी इस मुद्दे पर चर्चा प्रस्तावित है।

दिल्ली में सियासी लंच! बीजेपी का इंडिया गठबंधन पर जबरदस्त तंज, विपक्षी नेताओं को बताया गैर-जिम्मेदार

ISB के 25 साल पूरे, छात्रों के लिए 250 स्कॉलरशिप का ऐलान, देशभर में रिसर्च और फैकल्टी डेवलपमेंट पर जोर

CBI के 6 अधिकारियों पर होगी आपराधिक कार्रवाई, दिल्ली हाई कोर्ट के सामने दिया था झूठा बयान

INDIA ब्लॉक के नेता कल राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात, राहुल-खरगे-ममता और अखिलेश को मिली अनुमति

PM नरेंद्र मोदी ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस का किया उद्घाटन, 6G और AI सेक्टर पर फोकस, नाना पाटेकर को किया याद