सेना के ऑपरेशन में कुख्यात ड्रग लॉर्ड 'एल मैचों' की मौत (सोर्स- सोशल मीडिया)  
विदेश

अमेरिका की खुफिया इंटेल, आर्मी ऑपरेशन...जानें कैसे मारा गया कुख्यात माफिया एल मेंचो? जिसके लिए जल रहा मैक्सिको

Mexican Drug Lord El Mencho: मैक्सिको की सेना ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के नेता एल मेंचो को मुठभेड़ में मार गिराया। अमेरिका ने खुफिया जानकारी दी। हिंसा फैलने की आशंका, सरकार ने शांति की अपील की।

अक्षय साहू

El Mencho Killing Inside Story: मैक्सिको की सरकार को देश के सबसे कुख्यात ड्रग माफियाओं में से एक के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिलने का दावा किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, मैक्सिको की सेना ने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के प्रमुख नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांटेस उर्फ ‘एल मेंचो’ को एक सैन्य कार्रवाई में मार गिराया। हालांकि, इससे पहले भी इस तरह की खबरें आती रही हैं और आधिकारिक पुष्टि को लेकर अक्सर भ्रम की स्थिति बनती है, फिर भी सरकार की ओर से इसे बड़ी सफलता बताया गया है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पश्चिमी राज्य जलिस्को के तपलपा शहर में सेना ने एक ऑपरेशन चलाया। करीब 20 हजार आबादी वाला यह शहर लंबे समय से कार्टेल की गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि एल मेंचो अपने सहयोगियों के साथ वहीं मौजूद है। जब सेना ने उसे घेरने की कोशिश की तो मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। एल मेंचो समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, इलाज के लिए मैक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने बख्तरबंद गाड़ियां, रॉकेट लॉन्चर और भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए। तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए, जिनका इलाज जारी है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि इस ऑपरेशन में कम से कम नौ अन्य कार्टेल सदस्य भी मारे गए।

कौन था एल मेंचो?

एल मेंचो को मैक्सिको के सबसे खतरनाक अपराधियों में गिना जाता था। अमेरिकी सरकार ने उस पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा था। उस पर अमेरिका में फेंटानिल और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के गंभीर आरोप थे। CJNG को मैक्सिको के सबसे ताकतवर और हिंसक कार्टेलों में से एक माना जाता है, जिसका नेटवर्क देश के कई राज्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है। दिलचस्प बात ये है कि माफिया सरगना बनने से पहले एल मेंचो खुद पुलिस कर्मी रह चुका था।

सैन्य कार्रवाई के बाद भड़की हिंसा

इस सैन्य कार्रवाई के बाद देश के कई हिस्सों में तनाव फैल गया। कुछ राज्यों में कार्टेल समर्थकों द्वारा हिंसा और विरोध की खबरें सामने आईं। सड़कें जाम की गईं और आगजनी की घटनाएं भी दर्ज की गईं। सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सेना की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि सभी राज्य सरकारों के साथ तालमेल बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य गतिविधियां जारी हैं और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

अमेरिका ने दी खुफिया जानकारी

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस ऑपरेशन में अमेरिका ने खुफिया जानकारी देकर सहयोग किया। बताया गया कि अमेरिकी सेना के नेतृत्व में बनी एक नई टास्क फोर्स जॉइंट इंटरएजेंसी टास्क फोर्स-काउंटर कार्टेल ने कार्टेल नेटवर्क की निगरानी और जानकारी जुटाने में भूमिका निभाई। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जमीनी कार्रवाई पूरी तरह मैक्सिको की सेना ने ही की।

व्हाइट हाउस ने जारी किया बयान

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने भी बयान जारी कर कहा कि एल मेंचो दोनों देशों के लिए बड़ा लक्ष्य था और अमेरिका ने खुफिया सहयोग प्रदान किया। वहीं अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से बड़ी उपलब्धि बताया।

एल मेंचो वर्षों तक गिरफ्तारी से बचता रहा था। 2015 में जब सेना उसके करीब पहुंची थी, तब उसके गिरोह ने रॉकेट से सैन्य हेलीकॉप्टर गिरा दिया था, जिससे वह भागने में सफल हो गया था। उस घटना ने उसकी ताकत और नेटवर्क की गहराई को उजागर किया था।

ड्रग कार्टेल के खिलाफ लड़ाई में अहम मोड़

विश्लेषकों का मानना है कि अगर उसकी मौत की पुष्टि स्थायी रूप से होती है, तो यह मैक्सिको की ड्रग कार्टेल के खिलाफ लड़ाई में अहम मोड़ साबित हो सकती है। हालांकि, यह भी आशंका है कि नेतृत्व बदलने के बाद कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष और हिंसा बढ़ सकती है। फिलहाल सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एक खून माफ होता तो ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते... मुख्य चुनाव आयुक्त पर मुकेश सहनी का विवादित बयान

सेवा संकल्प अभियान यात्रियों से पीएम मोदी की बातचीत, अनुभव सुनकर कहा- मैं भी आपके साथ-साथ चल रहा हूं

ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की मदद का ऐलान

वडनगर से वाराणसी तक की 'सेवा यात्रा' में शामिल लोगों से पीएम मोदी करेंगे बात, यात्री अपना अनुभव करेंगे साझा

Weather Alert: डीप डिप्रेशन का बड़ा असर, 4 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट; कई जिलों में बाढ़ का खतरा