मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम (सोर्स- IANS)
विदेश

BRICS Summit के लिए भारत रवाना हुए मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, PM मोदी संग करेंगे बैठक

BRICS Summit 2026: मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं, जहां वे पीएम मोदी और पुतिन सहित कई वैश्विक नेताओं संग द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

प्रिया सिंह

Malaysian PM Anwar Ibrahim At BRICS Summit: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम 18वें BRICS समिट में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। भारत यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन समेत कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा अनवर इब्राहिम के कार्यक्रम में केरल का दौरा भी शामिल है, जहां वे भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात करेंगे। भारत यात्रा के बाद वे मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर मालदीव जाएंगे।

18वें BRICS समिट के लिए नई दिल्ली पहुंचे अनवर इब्राहिम

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी भारत यात्रा की जानकारी साझा की।

अनवर इब्राहिम ने कहा कि नई दिल्ली में होने वाले इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। यात्रा के दौरान कई प्रमुख देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों का कार्यक्रम भी तय है।

पीएम मोदी समेत कई नेताओं से होगी मुलाकात

भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शनिवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बातचीत प्रस्तावित है। दोनों नेताओं के बीच आपसी संबंधों और सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा मलेशियाई प्रधानमंत्री रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से भी मुलाकात करेंगे। वह इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ भी अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

केरल में ग्रैंड मुफ्ती से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली के कूटनीतिक कार्यक्रमों के अलावा अनवर इब्राहिम के भारत दौरे में केरल यात्रा भी शामिल है। इस दौरान वह भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात करेंगे।

इस बैठक में मुस्लिम समुदाय के सामाजिक विकास, शिक्षा के विस्तार और धार्मिक-सांस्कृतिक मामलों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह यात्रा भारत और मलेशिया के बीच सामाजिक तथा शैक्षणिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भारत के बाद मालदीव जाएंगे अनवर इब्राहिम

भारत में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री मालदीव की यात्रा पर जाएंगे। वह मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर द्विपक्षीय यात्रा करेंगे।

मालदीव यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। अनवर इब्राहिम ने उम्मीद जताई है कि भारत और मालदीव की उनकी यात्राएं दोनों देशों की जनता के लिए ठोस और दूरगामी लाभ लेकर आएंगी।

भारत मंडपम में होगा 18वां BRICS समिट

भारत वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS समिट का आयोजन किया जाएगा। इसमें सदस्य देशों के अलावा साझेदार और आउटरीच के तहत आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

भारत की BRICS अध्यक्षता का विषय 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability' रखा गया है। यह सम्मेलन वैश्विक सहयोग, विकास और बहुपक्षीय व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

BRICS के 20 साल पूरे, भारत चौथी बार अध्यक्ष

भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में समिट की अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 से चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है।

वर्ष 2026 BRICS की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है। ऐसे में भारत की अध्यक्षता में होने वाला यह शिखर सम्मेलन संगठन के भविष्य और वैश्विक सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से खास महत्व रखता है।

BRICS बैठक से पहले पीएम मोदी का एक्स पोस्ट, आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर साधा निशाना; 9/11 हमले के 25 साल पूरे

BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक शुरू, PM मोदी-पुतिन और पेजेशकियान भी मौजूद

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

डूसू चुनाव 2026: ABVP और NSUI ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसके बीच है टक्कर

CM भजनलाल शर्मा की वो 10 बड़ी उपलब्धियां, जिनसे बदल सकता है राजस्थान का विकास मॉडल