Macron Syria Visit Damascus Explosion: सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार को उस समय दहल उठी जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वहां के ऐतिहासिक दौरे पर थे। जिस समय मैक्रों अपने सीरियाई समकक्ष अहमद अल-शरा से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे, उसी दौरान शहर के मध्य में स्थित फोर सीजन्स होटल के पास जोरदार धमाके हुए। सीरियाई मीडिया के अनुसार, राजधानी के केंद्र में कम से कम दो धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जिस समय ये धमाके हुए, उस समय फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए राष्ट्रपति भवन में मौजूद थे। मैक्रों राष्ट्रपति भवन के भीतर दाखिल ही हुए थे कि तभी शहर के 'फोर सीजन्स होटल' के पास दो धमाकों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। सरकारी मीडिया और सीरियाई अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मैक्रों इसी होटल में रुके हुए थे।
धमाके इतने शक्तिशाली थे कि घटनास्थल से धुएं का काला गुबार आसमान में उठता देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में एक जलती हुई गाड़ी और सड़क पर बिखरे हुए खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं, जो हमले की भयावहता को बयां करते हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सीरियाई सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, ये धमाके सड़क के किनारे रखे गए विस्फोटक उपकरणों के जरिए किए गए हैं, इस विस्फोट में अभी तक 4 पुलिस कर्मी समेत 18 लोग घायल हैं।
घटना के तुरंत बाद सीरियाई सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। दमिश्क के गवर्नर माहेर इद्लिबी ने बताया कि विस्फोटक उपकरण 'साधारण' प्रकृति का लग रहा था, लेकिन इसके पीछे की साजिश की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कायराना हरकत के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गृह मंत्रालय जल्द ही इस मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पेश कर सकता है।
यह भी पढ़ें:- धू-धू कर जल रहा पुर्तगाल! 30 हजार हेक्टेयर इलाका तबाह, सरकार ने पूरे देश में इमरजेंसी लगाई
सीरियाई स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यह देखना होगा कि इस हमले का असर मैक्रों के सीरिया दौरे के अन्य कार्यक्रमों पर क्या पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी इस घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।