Israel Lebanon Border Conflict IDF Airstrike News: इजरायल और लेबनान की सीमा पर जारी तनाव ने अब एक बड़े युद्ध का रूप लेना शुरू कर दिया है। इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों और गांवों में रहने वाले आम नागरिकों को तुरंत इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की है। इस बीच, लेबनान की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि इजरायल द्वारा किए गए ताजा हवाई हमलों में कम से कम तीन नागरिकों की जान चली गई है।
इजरायल ने अपनी सैन्य कार्रवाई तेज करते हुए दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले को मुख्य रूप से निशाना बनाया है। इजरायली सेना की ओर से जारी आदेश में मायफदौन, चौकीन और जेबदीन जैसे महत्वपूर्ण कस्बों के निवासियों को अपना घर छोड़ने के लिए कहा गया है। इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए हिदायत दी है कि लोग सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत अपने घरों को छोड़ दें और जहरानी नदी के उत्तर की ओर चले जाएं। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी (NNA) के अनुसार, टायर शहर में एक रिहायशी मकान पर हुई एयरस्ट्राइक में एक व्यक्ति और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि उसी परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अतिरिक्त, शरीफा-हब्बूश-नबातियेह रोड पर हुए हमले में भी एक अन्य नागरिक की जान जाने की खबर है।
सीमा के दूसरी ओर से हिजबुल्लाह ने भी अपनी कार्रवाइयां तेज कर दी हैं। इजरायली सेना ने दावा किया है कि हिजबुल्लाह द्वारा दागे गए रॉकेट दक्षिणी लेबनान के मरजायौन क्षेत्र में स्थित ईसाई इलाकों में गिरे हैं। विशेष रूप से, सेंट जॉर्जेस ऑर्थोडॉक्स चर्च के आसपास के इलाके में रॉकेट गिरने से भारी नुकसान हुआ है। सेना का कहना है कि जिस समय यह हमला हुआ, वहां इजरायली सैनिक मौजूद नहीं थे, जो इस बात का प्रमाण है कि हिजबुल्लाह आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों को खतरे में डाल रहा है। इन हमलों के कारण आसपास की कई इमारतों को भी क्षति पहुंची है।
इजरायली सेना ने बताया कि उन्होंने जवाबी कार्रवाई करते हुए रातभर विशेष अभियान चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान हिजबुल्लाह के उस रॉकेट लॉन्चर को नष्ट कर दिया गया, जिसका इस्तेमाल उत्तरी इजरायल पर हमले के लिए किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:- US-ईरान जंग से डरा चीन? न्यूक्लियर अड्डों के पास बना रहा विशाल मिलिट्री बेस, सैटेलाइट तस्वीरों ने खोला राज
इसके अलावा, उत्तरी इजरायल की सुरक्षा के लिए तैनात एयर डिफेंस सिस्टम ने लेबनान की ओर से किए गए एक संभावित हमले को हवा में ही नाकाम कर दिया। हालांकि, सेना ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह हमला रॉकेट से किया गया था या ड्रोन के जरिए, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।