IDF Arrested Muein al-Arabid: इजरायली रक्षा बल (IDF) को मंगलवार को एक बड़ी कामयाबी मिली। IDF ने हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के चीफ मुईन अल-अराबिद को उत्तरी गाजा में एक बड़ी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मुईन अल-अराबिद की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने इसे इजरायली सेना की एक बड़ी कामयाबी बताया।
बेंजामिन नेतन्याहू ने इस कार्रवाई के लिए इजरायली खुफिया एजेंसी शिन बेट और IDF की तारीफ की। उन्होंने कहा कि, मैं शिन बेट और IDF की तारीफ करता हूं। उन्होंने गाजा सिटी में मुईन अल-अराबिद के घर के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मुईन अल-अराबिद की गिरफ्तारी को लेकर इजरायली सेना ने दावा किया कि वह उत्तरी गाजा में हमास के नियंत्रण को फिर मजबूत करने का प्रयास कर रहा था। साथ ही इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमले करने की योजना बना रहा था। IDF ने कहा कि यह कार्रवाई उत्तरी गाजा में हमास से पैदा होने वाले नए खतरों को खत्म करने के लिए की गई है।
जानकारी के मुताबिक, मुईन अल-अराबिद गाजा में हमास के सबसे बड़े नेताओं में से एक था। IDF ने बताया कि वह संगठन की जासूसी रोकने और खुफिया जानकारी से जुड़े कामों की जिम्मेदारी संभालता था। IDF के मुताबिक, अराबिद उत्तरी गाजा में फिर से हमास का नियंत्रण स्थापित करने और इजरायली सैनिकों पर किसी बड़े हमले की योजना बना रहा था। इजरायली सेना ने ऑपरेशन के दौरान गाजा सिटी के कुछ इलाकों पर हमला भी किया।
बेंजामिन नेतन्याहू ने मुईन अल-अराबिद की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि वह गाजा में फिर से हमास का शासन स्थापित करना चाहता था। इसके लिए उसने येलो लाइन के पास तैनात इजरायली सेना के जवानों पर हमला करने की योजना बनाई थी। लेकिन शिन बेट और IDF ने उसकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी और सही मौका देखकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नेतन्याहू ने आगे कहा कि अराबिद के निशाने पर सिर्फ इजरायली सैनिकों ही नहीं थे, बल्कि वो आम लोगों को भी नुकसान पहुंचाना चाहता था। उन्होंने कहा कि हम हमास के नेताओं की तलाश अभी जारी रखने वाले हैं। मेरा आदेश बिल्कुल साफ है। इजरायल हमास के सभी नेताओं और 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल हर व्यक्ति का पीछा करता रहेगा।