गाजा के स्कूलों पर इसराइली लड़ाकों ने किया हवाई अटैक 
विदेश

गाजा के स्कूलों पर इसराइल ने फिर से किया अटैक, हवाई हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत

गाजा सिटी में एक स्कूल-सह-आश्रय शिविर पर शनिवार सुबह इजराइल के हवाई हमले में 60 से अधिक लोग मारे गए। फलस्तीन के स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। गाजा में इजराइल के हमलों में 39,600 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं और 91,700 से अधिक घायल हुए हैं।

साक्षी सिंह

काहिरा: गाजा सिटी में एक स्कूल-सह-आश्रय शिविर पर शनिवार सुबह इजराइल के हवाई हमले में 60 से अधिक लोग मारे गए। फलस्तीन के स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। इसे इजराइल और हमास के बीच 10 माह से जारी संघर्ष के दौरान हुए सबसे घातक हमलों में से एक बताया गया। इजराइल की सेना ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि उसने स्कूल के भीतर हमास के कमान केंद्र को निशाना बनाया। हालांकि, उसने इसकी पुष्टि के लिए कोई सबूत नहीं दिया।

स्वास्थ्य मंत्रालय की एंबुलेंस एवं आपात सेवा ने बताया कि मध्य गाजा के ताबीन स्कूल पर हुए हवाई हमले में 47 लोग घायल भी हुए हैं। गाजा पट्टी के लगभग सभी स्कूलों का इस्तेमाल युद्ध के कारण अपना घर छोड़ने वाले लोगों के आश्रय के लिए किया जा रहा है।

हमले में 477 स्कूल सीधे तौर पर प्रभावित

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, छह जुलाई तक के आंकड़ों के तहत युद्ध के कारण गाजा में 564 स्कूलों में से 477 स्कूल सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं या तबाह हो चुके हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मध्य गाजा में जून में विस्थापित फलस्तीनियों के एक स्कूल-सह-आश्रय शिविर पर इजराइल की ओर से किए गए हमले में 12 महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 33 लोग मारे गए थे।

युद्ध विराम समझौते को लेकर प्रयासरत अमेरिका

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका, कतर और मिस्र के मध्यस्थों ने दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम समझौते के लिए अपने प्रयास फिर से शुरू कर दिए है। इस प्रयास से तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनिया और मंगलवार को बेरूत में हिजबुल्ला कमांडर फौद शुकूर के मारे जाने के बाद से क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने में मदद मिल सकती है।

अब तक 39 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में इजराइल के हमलों में 39,600 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं और 91,700 से अधिक घायल हो गए हैं। पिछले साल सात अक्टूबर को चरमपंथी समूह हमास ने दक्षिणी इजराइल पर हमला कर दिया था जिसमें लगभग 1,200 लोगों की जान चली गई थी औ 250 अन्य को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद से ही यह युद्ध जारी है। (एजेंसी)

दिवाली से पहले रेलवे का बड़ा बदलाव, जम्मू-कटरा रूट की कई ट्रेनों की टाइमिंग बदली, चेक करें नया टाइम-टेबल

पांडुरंग शास्त्री आठवले: जापान में एक विदेशी के तीखे सवाल ने दादाजी काे गांवों की खाक छानने पर किया मजबूर

Tiger Shroff Attack Live: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, मुंबई पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग पर भड़के अभिजीत दीपके, पुलिस पर उठाए सवाल, बोले- असली अपराधियों को पकड़ों

लखनऊ शिवा शर्मा मौत केस में बड़ा एक्शन, DCP विक्रांत वीर हटाए गए; इंस्पेक्टर पहले ही लाइन हाजिर